भोपाल, सात अगस्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 अगस्त को मध्य प्रदेश के सागर जिले में 14वीं सदी के कवि एवं समाज सुधारक संत रविदास को समर्पित 100 करोड़ रुपये के मंदिर की आधारशिला रखेंगे।
मध्य प्रदेश में सत्तारुढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के एक मंत्री ने सोमवार को बताया कि इस मौके पर मोदी एक जनसभा को संबोधित भी करेंगे। प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं।
प्रदेश में प्रधानमंत्री की करीब एक महीने में यह दूसरा दौरा होगा। इससे पहले एक जुलाई को मोदी ने शहडोल जिले के पकरिया गांव में आदिवासी नेताओं, स्वयं सहायता समूहों की सदस्य महिलाओं और युवा फुटबॉल खिलाड़ियों के साथ बातचीत की थी।
भाजपा को उम्मीद है कि प्रधानमंत्री की रैली और सागर में संत रविदास को समर्पित मंदिर के शिलान्यास समारोह में दो लाख लोग शामिल होंगे। संत रविदास के देशभर में, खासकर दलितों के एक वर्ग में प्रशंसक हैं।
इस कार्यक्रम में सत्तारूढ़ पार्टी की चल रही 'समरसता यात्रा' का समापन भी होगा। प्रधानमंत्री के इन दोनों कार्यक्रमों को चुनाव से पहले भाजपा द्वारा दलितों तक पहुंच बनाने के एक प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
पांच समरसता यात्राएं 25 जुलाई को प्रदेश के विभिन्न हिस्से से शुरू हुई थीं।
मध्य प्रदेश के सहकारिता एवं लोक सेवा मंत्री अरविंद भदौरिया ने ‘पीटीआई-’ को फोन पर बताया कि यात्रा में शामिल होने वाले यात्री 53 हजार गांवों से मुट्ठी भर मिट्टी और पवित्र नदियों सहित 315 जलाशयों से पानी ला रहे हैं। यात्रा 11 अगस्त की शाम को सागर पहुंचेगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY