देश की खबरें | मप्र : जबलपुर में ट्रक से तीन करोड़ का गांजा जब्त, दो लोग गिरफ्तार

जबलपुर (मप्र), 27 अगस्त मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में पुलिस ने रविवार को ट्रक में बोरियों में छिपाकर रखा गया करीब तीन करोड़ रुपये का 19 क्विंटल से अधिक गांजा जब्त किया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक टी के विद्यार्थी ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने दो लोगों महेश निषाद (25) और मोहम्मद शकील मंसूरी (27) को गिरफ्तार किया है।

उन्होंने कहा, ‘‘दोनों आरोपी एक ट्रक में ओडिशा से हरियाणा 19 क्विंटल से अधिक गांजा ले जाते हुए पकड़े गए। इन्होंने वाहन के अंदर लकड़ी की बल्लियों के नीचे बोरियों में इसे छिपाकर रखा हुआ था। इसकी कीमत करीब तीन करोड़ रुपये है।’’

विद्यार्थी ने बताया कि यह ट्रक छत्तीसगढ़ से मध्य प्रदेश में प्रवेश हुआ था।

उन्होंने कहा, '‘‘खुफिया सूचना के आधार पर अभियान चलाया गया। सूचना मिलने के बाद तिलवारा थाने की टीम को जबलपुर से गुजरने वाले वाहनों की जांच के निर्देश दिए गए और कार्रवाई के दौरान ट्रक को पकड़ लिया गया।’’

उन्होंने बताया कि आरोपी उत्तर प्रदेश के हमीरपुर के रहने वाले हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (जबलपुर जोन) उमेश जोगा ने गांजा जब्त करने वाली तिलवारा पुलिस थाने की टीम को 30,000 रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)