देश की खबरें | मप्र : हरियाणा के छात्र की ओंकारेश्वर में नर्मदा नदी में डूबने से मौत

खंडवा (मप्र), 25 सितंबर मध्यप्रदेश के खंडवा जिले की तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर में नर्मदा नदी में रविवार को स्नान करने के दौरान हरियाणा के 12वीं कक्षा के एक छात्र की कथित रूप से डूबने से मौत हो गई।

मांधाता पुलिस थाना प्रभारी बलराम सिंह राठौड़ ने बताया कि मृतक की पहचान शौर्य कुमार (17) के रूप में की गई है। वह हरियाणा के कुरुक्षेत्र आवासीय विद्यालय का 12वीं का छात्र था।

उन्होंने कहा कि हरियाणा के कुरुक्षेत्र आवासीय विद्यालय से 43 छात्रों व चार शिक्षकों का एक दल यहां घूमने आया था। उन्होंने कहा कि नर्मदा नदी पर बने एक घाट पर नहाते वक्त शौर्य गहरे पानी में चला गया और डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

राठौड़ ने बताया कि गोताखोरों की मदद से उसका शव निकाल लिया गया है और इस संबंध में मांधाता पुलिस थाने में मामला दर्ज करके विस्तृत जांच जारी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)