देश की खबरें | मप्र : उधमपुर एक्सप्रेस की दो बोगियों में लगी आग

मुरैना (मप्र), 26 नवंबर मुरैना और धौलपुर रेलवे स्टेशनों के बीच हेतमपुर (मुरैना) रेलवे स्टेशन के पास उधमपुर एक्सप्रेस (रेलगाड़ी) की दो बोगियों में शुक्रवार को आग लग गई। यह जानकारी मध्यप्रदेश के एक पुलिस अधिकारी ने दी है।

हालांकि, प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चार बोगियों में आग लगी है। आग लगने से ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई।

सरायछोला पुलिस थाना प्रभारी ऋषिकेश शर्मा ने बताया, ‘‘उधमपुर एक्सप्रेस की दो बोगी में आग लगी है। ये दुर्घटना मुरैना और धौलपुर के बीच हेतमपुर (मुरैना) स्टेशन के पास हुई है।’’

उन्होंने कहा कि हादसे के वक्त यह ट्रेन उधमपुर से दुर्ग जा रही थी।

शर्मा ने बताया कि जिले के सरायछोला थाना इलाके की हेतमपुर स्टेशन के पास की आग लगने की यह घटना हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही अग्निशमन दल और पुलिस मौके पर पहुंच चुकी हैं।

उन्होंने कहा कि विस्तृत ब्योरे की प्रतीक्षा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)