एजेंसी न्यूज

Madhya Pradesh Election 2023: दिग्विजय सिंह ने घोर अनियमितताओं को लेकर भिंड कलेक्टर को हटाने की मांग की

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने बुधवार को भिंड कलेक्टर को हटाने की मांग करते हुए उनपर मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में निर्वाचन ड्यूटी में लगे कर्मियों को डाक मतपत्र जारी नहीं कर उन्हें (कर्मियों को) मताधिकार से वंचित करने का आरोप लगाया।

Madhya Pradesh Election 2023: दिग्विजय सिंह ने घोर अनियमितताओं को लेकर भिंड कलेक्टर को हटाने की मांग की
Digvijay Singh P

भोपाल, 29 नवंबर: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने बुधवार को भिंड कलेक्टर को हटाने की मांग करते हुए उनपर मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में निर्वाचन ड्यूटी में लगे कर्मियों को डाक मतपत्र जारी नहीं कर उन्हें (कर्मियों को) मताधिकार से वंचित करने का आरोप लगाया. मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) को लिखे पत्र में सिंह ने आरोप लगाया कि भिंड जिले की लहार विधानसभा सीट पर घोर अनियमितताएं हुईं, जहां निर्वाचन ड्यूटी में लगे 500 से अधिक मतदाताओं को डाक मतपत्र जारी नहीं किए गए.

लहार सीट से नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह कांग्रेस के उम्मीदवार हैं, जबकि भाजपा ने अंबरीश शर्मा को मैदान में उतारा है. मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को विधानसभा चुनाव कराए गए थे और मतों की गिनती तीन दिसंबर को होगी. सिंह ने कहा, “ चुनाव संचालन के नियमों के अनुसार, जिन सरकारी कर्मचारियों को चुनाव प्रक्रियाओं में तैनात किया गया था, उन्हें डाक मतपत्र जारी किए जाने थे। यह आपके संज्ञान में लाया जाना चाहिए कि 500 से अधिक ऐसे सरकारी सेवक जिन्होंने फॉर्म-12 के तहत आवेदन किया था, उन्हें डाक मतपत्र जारी नहीं किए गए हैं.”

उन्होंने कहा कि इसकी शिकायत 11 नवंबर को की गयी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गयी, जिससे 500 से अधिक सरकारी कर्मचारी वोट डालने से वंचित रह गये. राज्यसभा सदस्य ने अपने पत्र की एक प्रति मीडिया के साथ साझा की. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मतदान के दिन कांग्रेस के पोलिंग एजेंटों को मतदान केंद्रों के अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई और कुछ बूथों पर जहां वे अंदर थे, उन्हें पीठासीन अधिकारियों और सुरक्षा बलों ने बाहर कर दिया.

सिंह ने कहा कि इसे बूथों पर लगाए गए कैमरों की फुटेज से देखा जा सकता है और इसे रिटर्निंग अधिकारी के लिए हस्तपुस्तिका में उल्लिखित नियमों का उल्लंघन बताया. कांग्रेस नेता ने मांग की कि भिंड कलेक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उन्हें वहां से स्थानांतरित किया जाए. उन्होंने कहा कि लहार सीट पर मतगणना के दिन अतिरिक्त व्यवस्थाएं की जाएं.

सिंह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस उम्मीदवार के एक चुनाव एजेंट के अनुसार, आईटीआई परिसर में रखे गए डाक मतपत्रों के साथ छेड़छाड़ की गई और जिन बक्सों में उन्हें रखा गया था, उनकी सील टूटी हुई मिली है. मध्य प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुपम राजन ने पीटीआई- को बताया कि उन्होंने जिला रिटर्निंग अधिकारी (कलेक्टर) से इस मामले पर एक रिपोर्ट सौंपने को कहा है और इसके बाद वह मुद्दे पर कार्रवाई करेंगे.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 29, 2023 08:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).