देश की खबरें | सांसद डेलकर का निधन : बेटे ने प्रशासक पर दोष मढ़ा, ठाकरे से मुलाकात की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पिछले महीने मुंबई के एक होटल में मृत पाए गए दादरा और नगर हवेली के लोकसभा सदस्य मोहन डेलकर के पुत्र ने मंगलवार को दावा किया कि केंद्रशासित क्षेत्र के प्रशासक प्रफुल्ल खेडा पटेल ने उनके पिता को अपमानित करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी थी।

मुंबई, नौ मार्च पिछले महीने मुंबई के एक होटल में मृत पाए गए दादरा और नगर हवेली के लोकसभा सदस्य मोहन डेलकर के पुत्र ने मंगलवार को दावा किया कि केंद्रशासित क्षेत्र के प्रशासक प्रफुल्ल खेडा पटेल ने उनके पिता को अपमानित करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी थी।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से यहां विधान भवन में मुलाकात के बाद अभिनव डेलकर संवाददाताओं से बात कर रहे थे। अभिनव की मां कलाबेन भी उनके साथ थीं।

अभिनव ने आरोप लगाया, ‘‘प्रशासक ने मेरे पिता को अपमानित करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी थी। ब्लैकमेल और उगाही की तरकीब का भी इस्तेमाल हुआ।’’

अभिनव ने कहा कि उनके पिता को पिछले 16 -18 महीने से प्रताड़ित किया जा रहा था। कलाबेन ने कहा कि उन्हें मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र पुलिस में भरोसा है कि उनके परिवार को न्याय मिलेगा।

दादरा और नगर हवेली से सात बार के लोकसभा सदस्य मोहन डेलकर 22 फरवरी को मुंबई के एक होटल में मृत पाए गए थे।

इससे पहले दिन में महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने विधानसभा में कहा कि डेलकर के ‘सुसाइड नोट’ में लिखा था कि पटेल उन्हें परेशान कर रहे थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\