देश की खबरें | मप्र: प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी के आरोप में कांग्रेस विधायक पर मामला दर्ज

विदिशा (मप्र), तीन जुलाई प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में मध्य प्रदेश के विदिशा में एक कांग्रेस विधायक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि कांग्रेस विधायक शशांक भार्गव पर एक जुलाई को यहां एक टीवी चैनल की बहस के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) समर्थकों द्वारा ‘मोदी-मोदी’ के नारे लगाने के दौरान अशोभनीय शब्दों के इस्तेमाल का आरोप है।

कोतवाली थाना प्रभारी आशुतोष सिंह ने कहा, ‘‘भाजपा पदाधिकारी पंकज पांडे की शिकायत पर भार्गव के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 294 (अश्लील कृत्य) के तहत मामला दर्ज किया गया है।’’

भाजपा मंडल अध्यक्ष पांडे ने कहा कि भार्गव ने महिलाओं की उपस्थिति में ‘‘आपत्तिजनक’’ शब्दों का इस्तेमाल किया।

भार्गव ने आरोपों से इनकार किया और कहा कि उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर शोर-शराबा रोकने के लिए कुछ शब्द कहे थे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ कुछ भी नहीं कहने के बावजूद वह मीडिया के जरिए उनसे माफी मांग रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)