देश की खबरें | मप्र: मुख्यमंत्री का फैसला करने से पहले भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षकों ने विधायकों से की बातचीत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भाजपा के तीन केंद्रीय पर्यवेक्षकों ने विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक से पहले मध्य प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री का फैसला करने के लिए सोमवार को भोपाल पहुंचकर पार्टी विधायकों और कोर समिति के सदस्यों से बातचीत की। बैठक शाम चार बजे शुरू हुई।

भोपाल, 11 दिसंबर भाजपा के तीन केंद्रीय पर्यवेक्षकों ने विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक से पहले मध्य प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री का फैसला करने के लिए सोमवार को भोपाल पहुंचकर पार्टी विधायकों और कोर समिति के सदस्यों से बातचीत की। बैठक शाम चार बजे शुरू हुई।

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, ओबीसी मोर्चा के प्रमुख के लक्ष्मण और सचिव आशा लाकड़ा सहित केंद्रीय पर्यवेक्षक सुबह करीब साढ़े 11 बजे विशेष विमान से भोपाल पहुंचे।

सूत्रों ने बताया कि राज्य भाजपा मुख्यालय में कोर कमेटी की बैठक हुई, जहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और वरिष्ठ नेता नरेंद्र सिंह तोमर, प्रह्लाद पटेल और कैलाश विजयवर्गीय मौजूद थे। कोर कमेटी की बैठक के बाद तस्वीरें खींची गईं।

इस बीच, चौहान, तोमर, पटेल और विजयवर्गीय के समर्थक पार्टी मुख्यालय के बाहर जमा हो गए और अपने-अपने नेताओं के पक्ष में नारे लगाए गए।

इससे पहले दिन में, खट्टर, के लक्ष्मण और लाकड़ा एक विशेष विमान से भोपाल हवाई अड्डे पर उतरे जहां उनका स्वागत मध्य प्रदेश भाजपा प्रमुख वीडी शर्मा और अन्य नेताओं ने किया।

हवाई अड्डे से तीनों पर्यवेक्षक मुख्यमंत्री चौहान से मिलने के लिए मुख्यमंत्री आवास की ओर रवाना हुए।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 17 नवंबर को संपन्न हुए विधानसभा चुनाव के बाद मध्य प्रदेश में सत्ता बरकरार रखी। 230 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा ने 163 सीट जीतीं, जबकि कांग्रेस 66 सीट के साथ दूसरे स्थान पर रही।

राज्य भाजपा कार्यालय को फूलों और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पोस्टरों के साथ सजाया गया है और जगह-जगह पर "मप्र के मन में मोदी, देश के मन में मोदी" के नारे लिखे गये हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\