नयी दिल्ली, तीन मार्च मध्य दिल्ली के आनंद पर्वत कैंप क्षेत्र में एक अस्थायी इमारत की छत पर सोमवार सुबह पानी की टंकी फटने से एक महिला और उसके बेटे के सिर में चोटें आईं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना सोमवार सुबह 5:22 बजे मिली, जब टिन शेड के ऊपर रखी पानी की टंकी फट जाने से दो लोग घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि पीड़ितों की पहचान जाहिदा बेगम (55) और निजामल शेख (32) के रूप में हुई है। दोनों घटना के समय घर पर थे। इससे पहले दमकल विभाग के कर्मचारी ने दोनों के नाम जया और निजाम बताए थे।
मध्य दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी), एम हर्षवर्धन ने कहा, ‘‘दो लोग घायल हो गए और उन्हें उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।’’
अधिकारी ने बताया कि 5000 लीटर क्षमता वाली पानी की टंकी 30 फुट की ऊंचाई पर स्थापित की गई थी और इसे स्टील की शीट से बनाया गया था।
पुलिस उपायुक्त ने बताया, ‘‘ट्रांजिट कैंप में दैनिक उपयोग के लिए पानी की आपूर्ति करने के लिए इस टंकी का इस्तेमाल किया जाता है। सोमवार की सुबह अचानक पानी के दबाव के कारण टंकी अंदर से फट गई थी।’’
उन्होंने बताया कि डीडीए की एक तकनीकी टीम भी मौके पर है तथा विस्तृत निरीक्षण कर रही है।
कैंप की निवासी पूजा ने बताया कि मां-बेटा अपने घर में फंस गए थे और अधिकारियों को बार-बार फोन करने के बावजूद कोई भी उन्हें बचाने नहीं आया। उन्होंने कहा, ‘‘हम माचिस की डिब्बी के आकार के घरों में रहते हैं, जहां ऐसी स्थिति में भागने के लिए भी जगह नहीं होती। वे अपने घरों में फंस गए थे और भाग नहीं सके।’’
डीएफएस के एक अधिकारी ने बताया कि दमकल की दो गाड़ियां घटनास्थल पर मौजूद हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY