देश की खबरें | दिल्ली विधानसभा चुनाव में 60 प्रतिशत से अधिक मतदान, एग्जिट पोल में भाजपा को आप पर बढ़त

नयी दिल्ली, पांच फरवरी दिल्ली में बुधवार को विधानसभा चुनाव में 60 प्रतिशत से ज्यादा मतदान हुआ। मतदान के दौरान हालांकि आम आदमी पार्टी (आप) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने एक दूसरे पर पर पैसे बांटने और फर्जी मतदान सहित गड़बड़ी के आरोप लगाए।

इस चुनाव में 2020 के विधानसभा चुनाव के आसपास ही मतदान हुआ है। पिछली बार 62.59 प्रतिशत मतदान हुआ था। पिछले चुनाव में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी ने 70 में से 62 सीट जीती थीं, जबकि भाजपा को आठ और कांग्रेस को शून्य सीट मिली थी।

विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान केन्द्रों के बाहर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं तथा शाम छह बजे मतदान समाप्त होने के निर्धारित समय के बाद भी लोग इंतजार करते रहे।

इसके तुरंत बाद एग्जिट पोल के नतीजे आने शुरू हो गए, जिनमें से कई में सत्तारूढ़ आप पर भाजपा की जीत का अनुमान लगाया गया है, जबकि कांग्रेस को एक बार फिर हारते हुए दिखाया गया है।

निर्वाचन आयोग के मतदाता ऐप को रात 10 बजकर 50 मिनट पर अद्यतन किया गया जिसके अनुसार दिल्ली में 60.10 प्रतिशत मतदान हुआ।

दिल्ली में कुल 1.56 करोड़ मतदाता हैं। अधिकारियों द्वारा सभी 13,766 मतदान केंद्रों से आंकड़े अद्यतन किये जाने के बाद मत प्रतिशत में वृद्धि की उम्मीद है।

निर्वाचन आयोग ने एक आधिकारिक बयान में बताया, ‘‘दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीट पर आज शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में मतदान हुआ। मतदाता मतदान प्रक्रिया और मतदान केंद्रों पर सुविधाओं से प्रसन्न थे।’’

बयान में कहा गया है, ‘‘मतदान के औपचारिक समापन समय यानी शाम छह बजे के बाद कतार में खड़े सभी मतदाताओं को अपना वोट डालने की अनुमति दी गई।’’

शहर भर के मतदान केंद्रों को सजाया गया था और मतदाताओं को सच्चे उत्सव की भावना का एहसास कराने के लिए मशहूर हस्तियों के पोस्टर चिपकाए गए, जिन पर विशेष संदेश लिखे थे। ऐसे ही एक पोस्टर में लता मंगेशकर की तस्वीर थी, जबकि कई अन्य में पैरालिंपियन की तस्वीर थी।

चुनाव मैदान में कुल 699 उम्मीदवार हैं। इस चुनाव से तय होगा कि दिल्ली में आप तीसरी बार सत्ता में आती है या भाजपा 27 साल बाद राष्ट्रीय राजधानी में सरकार बनाने का मौका पाती है। कांग्रेस ने भी शहर की राजनीति में अपनी पैठ फिर से जमाने की पूरी कोशिश की।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधान न्यायाधीश संजीव खन्ना, केंद्रीय मंत्री एस. जयशंकर और हरदीप सिंह पुरी, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा, दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी और आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल सबसे पहले मतदान करने वालों में शामिल थे।

मोती बाग स्थित मतदान केन्द्र पर अपना वोट डालने के बाद मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि चुनाव को सुचारू रूप से सम्पन्न कराने के लिए सभी ने कड़ी मेहनत की है।

दिन में आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी रहा और दोनों ने एक-दूसरे पर विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान में गड़बड़ी का आरोप लगाया।

दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) ने दोपहर के समय ‘पीटीआई-’ को बताया था कि मतदान प्रक्रिया ‘‘सुचारू रूप से’’ चल रही है। सीईओ ने बताया कि प्रायोगिक मतदान और वास्तविक मतदान के दौरान कुछ ईवीएम को बदला गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)