देश की खबरें | शाम पांच बजे तक पड़े 51 प्रतिशत से ज्यादा वोट
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश की सात विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मंगलवार शाम पांच बजे तक 51 प्रतिशत से अधिक वोट पड़े।
लखनऊ, तीन नवम्बर उत्तर प्रदेश की सात विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मंगलवार शाम पांच बजे तक 51 प्रतिशत से अधिक वोट पड़े।
संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी रमेश चंद्र राय ने बताया कि सात सीटों पर उपचुनाव के लिये शाम पांच बजे तक सभी सीटों पर औसतन 51.22 प्रतिशत वोट पड़े। मतदान सुबह सात बजे शुरू हो गया, जो शाम छह बजे तक चला।
यह भी पढ़े | उत्तर प्रदेश के मथुरा में मस्जिद में ‘Hanuman Chalisa’ पढ़ने का आरोप, चार युवक गिरफ्तार.
उन्होंने बताया कि शुरू में मतदान की गति धीमी रही, लेकिन दिन चढ़ने के साथ इसमें तेजी आयी। अपराह्न तीन बजे तक नौगांवा सादात सीट पर 57.60 प्रतिशत, बुलंदशहर सीट पर 49.77 फीसद, टूंडला सीट पर 50 प्रतिशत, बांगरमऊ सीट पर 49.45 फीसद, घाटमपुर सीट पर 47.65 प्रतिशत, देवरिया सीट पर 48.48 फीसद तथा मल्हनी सीट पर 55.60 वोट पड़े।
मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने ट्वीट कर मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में सहभागी बनने की अपील की।
उन्होंने कहा, ''उत्तर प्रदेश की सात विधानसभा सीटों पर उप चुनाव हेतु मतदान प्रारंभ हो गया है। सभी सम्मानित मतदातागण कोविड से बचाव सम्बन्धी सावधानियों का पालन करते हुए लोकतंत्र के इस महापर्व में अवश्य सहभागी बनें। सभी सावधानियां अपनाएं, मतदान का कर्तव्य निभाएं। लोकतंत्र जीतेगा, कोरोना हारेगा।''
उधर, समाजवादी पार्टी ने भी मतदाताओं का वोट का आह्वान करते हुए ट्वीट किया, ''बेरोजगार नौजवान, परेशान किसान, असुरक्षित 'नारी शक्ति', स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल, मजदूर के छिने काम, गरीब, मध्यम वर्ग पर महंगाई की मार, ध्वस्त कानून व्यवस्था, चौपट व्यापार के जिम्मेदार सत्ताधीशों को आज विधानसभा उपचुनावों के मतदान में देना है जवाब।' घर से निकलें, करें मतदान।
मतदान शांतिपूर्ण ढंग से हो रहा है मगर कुछ स्थानों पर मतदान के बहिष्कार की भी सूचनाएं मिली हैं।
फिरोजाबाद से प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक टूंडला विधानसभा उप चुनाव में कुछ स्थानों पर मतदाताओं ने विकास कार्य न होने की शिकायत करते हुए मतदान का बहिष्कार किया। रुधऊ मुस्तकिल मतदान बूथ संख्या 30 के मतदाताओं ने 'विकास नहीं तो वोट नहीं' के नारे लगाते हुए मतदान का बहिष्कार किया है। कुछ प्रमुख लोगों के मनाने के बावजूद मतदाताओं ने वोट का बहिष्कार जारी रखा।
उन्नाव से प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक बांगरमऊ सीट के उपचुनाव में भी बूचा गाढ़ा गांव में मतदान का बहिष्कार किया गया। हालांकि प्रशासन द्वारा आश्वासन दिये जाने के बाद करीब चार घंटे बाद मतदान शुरू हुआ। नौगांवा सादात सीट पर भाजपा की प्रत्याशी संगीता चौहान ने फर्जी मतदान का आरोप लगाते हुए पर्दानशीं महिलाओं का बुर्का हटाकर ही उन्हें वोट डालने की मांग की थी।
संगीता ने संवाददाताओं से कहा, ''फर्जी वोटिंग हो रही है, मगर प्रशासन ने हमारे बार—बार कहने के बाद कोई सुनवाई नहीं की। बुरका हटाकर ही वोटिंग होनी चाहिये। आईडी से जांच होनी चाहिये। यह कानून के मुताबिक न्यायोचित होगा।'' प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने इस बारे में पूछे जाने पर कहा कि वह इन आरोपों की जांच कराएंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)