Cyclone Remal: मानसून ने केरल और पूर्वोत्तर में दी दस्तक
चक्रवात रेमल के प्रभाव से दक्षिण-पश्चिम मानसून ने बृहस्पतिवार को केरल तट और पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों में दस्तक दे दी. मौसम विभाग के पूर्वानुमान से एक दिन पहले ही दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दस्तक दे दी है.
नयी दिल्ली, 30 मई : चक्रवात रेमल के प्रभाव से दक्षिण-पश्चिम मानसून ने बृहस्पतिवार को केरल तट और पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों में दस्तक दे दी. मौसम विभाग के पूर्वानुमान से एक दिन पहले ही दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दस्तक दे दी है. मौसम वैज्ञानिकों ने कहा कि चक्रवात ने मानसून के प्रवाह को बंगाल की खाड़ी की ओर खींच लिया, जो पूर्वोत्तर में समय से पहले मानसून के दस्तक देने का एक कारण हो सकता है.
चक्रवाती तूफान 'रेमल' रविवार को पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के तट से टकराया था. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा, ''दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल में दस्तक दे चुका है और आज यानी 30 मई 2024 को पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों की ओर बढ़ गया है.'' इससे पहले 15 मई को मौसम विभाग ने मानसून के 31 मई को केरल में दस्तक देने की घोषणा की थी. यह भी पढ़ें : सरकारी जमीन पर किसी भी तरह के अवैध धार्मिक स्थल की अनुमति नहीं दी जाएगी: केरल उच्च न्यायालय
केरल में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश हो रही है, जिसके परिणामस्वरूप मई में अतिरिक्त बारिश दर्ज की गयी है. केरल में मानसून के आगमन की सामान्य तिथि एक जून और अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, नगालैंड, मेघालय, मिजोरम, मणिपुर व असम में मानसून के दस्तक देने की तिथि पांच जून है.
(The above story first appeared on LatestLY on May 30, 2024 12:04 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

