देश की खबरें | मॉनसून: दिल्ली के तीन जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई

नयी दिल्ली, 20 अगस्त भारत मौसम विज्ञान विभाग के आंकड़ों के अनुसार दिल्ली के तीन जिलों में इस मॉनसून के मौसम में अब तक ‘कम’ या ‘बहुत कम’ वर्षा दर्ज की गयी है, वहीं चार जिलों में ‘अधिक’ बारिश हुई है।

केवल उत्तर पूर्व दिल्ली में एक जून से 491.6 मिलीमीटर की सामान्य वर्षा के मुकाबले केवल 154 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गयी है जो ‘बहुत कम’ है।

पूर्वी दिल्ली में अब तक 297.8 मिलीमीटर बारिश हुई है, जो सामान्य से 39 प्रतिशत कम है। दक्षिण दिल्ली में अब तक 371.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गयी जो सामान्य से 24 प्रतिशत कम है।

राजधानी में एक जून से अब तक औसतन 431 मिलीमीटर बारिश हुई है, जबकि सामान्य वर्षा 412.1 मिलीमीटर होती है। भारत में 11 जुलाई तक सबसे कम वर्षा वाले जिले मध्य दिल्ली में 26 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है।

मौसम विभाग के अनुसार केवल उत्तर दिल्ली में 677.7 मिलीमीटर बारिश हुई है जो अत्यधिक है।

मौसम विभाग ने अगस्त महीने में दिल्ली के लिए सामान्य वर्षा का पूर्वानुमान जताया है जो दीर्घकालिक अवधि के औसत का 95 से 106 प्रतिशत हो सकता है। सामान्यत: राष्ट्रीय राजधानी में अगस्त में 247.7 मिलीमीटर वर्षा होती है।

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली में कुछ स्थानों पर 23 अगस्त तक मध्यम से भारी बारिश का अनुमान जताया है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि महीने के आखिरी दस दिन में अच्छी बारिश से राजधानी में वर्षा के स्तर में कमी को पूरा किया जा सकता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)