देश की खबरें | दिल्ली में औद्योगिक इकाइयों की समय-समय पर निगरानी, प्रदूषण नियंत्रण के लिए 33 दल गठित: गोपाल राय
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने शुक्रवार को कहा कि सरकार ने औद्योगिक इकाइयों की लगातार निगरानी करने और शहर में प्रदूषण को नियंत्रित रखने के लिए 33 दलों का गठन किया है।
नयी दिल्ली, 19 मई दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने शुक्रवार को कहा कि सरकार ने औद्योगिक इकाइयों की लगातार निगरानी करने और शहर में प्रदूषण को नियंत्रित रखने के लिए 33 दलों का गठन किया है।
गोपाल राय ने दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी), दिल्ली राज्य औद्योगिक और बुनियादी ढांचा विकास कॉरपोरेशन (डीएसआईआईडीसी), दिल्ली नगर निगम (एमसीडी), पर्यावरण विभाग और दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के साथ औद्योगिक प्रदूषण पर समीक्षा बैठक में उक्त बात कही।
राय ने कहा, ‘‘औद्योगिक कचरा फेंकने की निगरानी के लिए दिन में 472 कर्मियों वाले 141 गश्ती दलों और रात में 397 कर्मियों वाले 108 गश्ती दलों की तैनाती की जाएगी।’’
मंत्री ने कहा, ‘‘दिल्ली में पंजीकृत 1,721 औद्योगिक इकाइयां अब पीएनजी का उपयोग कर रही हैं।’’
उन्होंने कहा कि ये दल दिल्ली में सभी औद्योगिक इकाइयों की निगरानी करेंगे और प्रदूषण नियंत्रित करने के लिए तत्काल कदम उठाएंगे।
मंत्री ने कहा कि दलों की निगरानी के आधार पर समय-समय पर पर्यावरण विभाग को रिपोर्ट सौंपी जाएगी। उन्होंने कहा कि डीपीसीसी की टीम को पर्यावरण नियमों का उल्लंघन करने वाली इकाइयों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।
राय ने कहा, ‘‘पर्यावरण नियमों का उल्लंघन करने वाली किसी भी औद्योगिक इकाई के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)