विदेश की खबरें | हमास की सशस्त्र शाखा का प्रमुख मोहम्मद सिनवार मारा गया: नेतन्याहू
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

मोहम्मद सिनवार सात अक्टूबर 2023 को हुए हमले की योजना बनाने में मदद करने वाले याह्या सिनवार का भाई है। याह्या को अक्टूबर 2024 में इजराइली सुरक्षा बलों ने मार गिराया था।

नेतन्याहू ने संसद में एक बयान में सिनवार के मारे जाने का उल्लेख किया और उसे युद्ध के दौरान मारे गए हमास के शीर्ष नेताओं में से एक बताया।

नेतन्याहू ने कहा, “हम हजारों आतंकवादियों को मार चुके हैं। हमने (मोहम्मद) देइफ, (इस्माइल) हानिया, याह्या सिनवार और मोहम्मद सिनवार को मार गिराया।”

नेतन्याहू ने इस बारे में विस्तार से नहीं बताया।

इजराइल की मीडिया ने खबर दी है कि मोहम्मद सिनवार 13 मई को हुए हमले में निशाने पर था। सेना ने हालांकि सिनवार को निशाना बनाए जाने या मारे जाने के बारे में टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

मोहम्मद सिनवार का जन्म 1975 में दक्षिण गाजा के शहर खान यूनिस में एक शरणार्थी शिविर में हुआ था। सिनवार का परिवार उन लाखों फलस्तीनी परिवारों में से एक था जिन्हें 1948 में इजराइल की स्थापना के दौरान वहां से खदेड़ दिया गया था।

मोहम्मद सिनवार 2006 में इजराइली सेना की चौकी पर हुए हमले की योजना बनाने वालों में से एक था। उस हमले के दौरान चरमपंथियों ने इजराइली सैनिक गिलाद शालिट को पकड़कर पांच साल तक हिरासत में रखा था और बाद में याह्या सिनवार समेत 1,000 से अधिक फलस्तीनी कैदियों के बदले में छोड़ दिया गया था।

एपी

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)