देश की खबरें | मोदी ने बच्चों के लिए ‘पीएम केयर्स' योजना के 4,000 से अधिक लाभार्थियों को व्यक्तिगत पत्र लिखे

नयी दिल्ली, 30 मई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को बच्चों के लिए 'पीएम केयर्स' योजना को बच्चों के सुनहरे भविष्य की दिशा में देश द्वारा उठाया गया एक ठोस कदम बताया। प्रधानमंत्री ने इस योजना के 4,000 से अधिक लाभार्थियों को व्यक्तिगत पत्र लिखे हैं।

पत्र में मोदी ने विस्तार से योजना के उन बिंदुओं का जिक्र किया, जिनका लाभ वे बच्चे उठा सकते हैं जिन्होंने कोविड महामारी के दौरान अपने माता-पिता या अभिभावकों को खो दिया।

मोदी ने इसी तरह की त्रासदी के अनुभव को भी साझा किया जो उनके परिवार ने लगभग एक सदी पहले झेला था और इन बच्चों को आश्वासन दिया कि पूरा देश इस मुश्किल घड़ी में उनके साथ खड़ा है।

महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा पत्र को साझा किया गया।

मोदी ने कहा कि बच्चों के लिए पीएम केयर्स योजना, इन बच्चों के सुनहरे भविष्य के लिए देश द्वारा उठाया गया एक ठोस कदम है।

उन्होंने कहा, ''यह योजना सुनिश्चित करेगी कि आप स्वतंत्र रूप से सपने देख सकें और आपके सपनों को साकार करने में मदद के प्रयासों में कोई कमी नहीं रहेगी।''

अंग्रेजी, हिंदी और क्षेत्रीय ओं में लिखे गए पत्र में प्रधानमंत्री ने कुछ बातें साझा कीं जो उनकी माता ने उन्हें बचपन में बताई थीं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)