देश की खबरें | देश की जनता ने जो विश्वास जताया, उस पर खरी उतर रही मोदी सरकारः भूपेंद्र यादव
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय पर्यावरण, वन, जलवायु परिवर्तन, श्रम और रोजगार मंत्री भूपेंद्र यादव ने सोमवार को कहा कि देश की जनता ने जो विश्वास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार पर जताया, उस पर वह खरी उतर रही है।
भोपाल, 29 मई केंद्रीय पर्यावरण, वन, जलवायु परिवर्तन, श्रम और रोजगार मंत्री भूपेंद्र यादव ने सोमवार को कहा कि देश की जनता ने जो विश्वास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार पर जताया, उस पर वह खरी उतर रही है।
यादव ने यहां कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर सभागार में मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही।
उन्होंने पूर्व की कांग्रेस नीत केन्द्र सरकारों पर तंज कसते हुए कहा, ‘‘2014 से पहले देश में जो सरकार थी, उसमें सत्ता के ऐसे केंद्र बन गए थे, जो संविधानेत्तर थे और उनकी देश के संविधान के प्रति कोई जवाबदेही नहीं थी।’’ यादव ने कहा, ‘‘ देश ‘पॉलिसी पैरालिसिस’ का शिकार था। अर्थव्यवस्था ढेर हो रही थी और भ्रष्टाचार की स्थिति यह थी कि सरकार के मंत्री ही जेल चले जाते थे।’’
यादव ने आगे कहा, ‘‘2014 के चुनाव में जनता ने जनादेश दिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नई सरकार बनी। देश की जनता ने पूर्ण बहुमत से सरकार बनाकर जो विश्वास जताया था, बीते नौ वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी की सरकार ने अपने कामकाज से उस भरोसे को सही साबित कर दिया है।’’
मीडिया संवाद कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने भी विचार व्यक्त किए।
यादव ने कहा कि बीते नौ वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी की सरकार अगर देश में बड़े बदलाव ला सकी है, तो उसका आधार है ‘लक्षित नीति और अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना रहा है। यही मोदी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धियां भी हैं।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने हर काम की समय सीमा तय की और हर योजना का 100 प्रतिशत लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके, यह सुनिश्चित किया।
यादव ने कहा कि मोदी ने वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री पद की शपथ लेते ही कहा था कि मेरी सरकार, गरीबों की सरकार है। बीते नौ वर्षों में उनकी सरकार ने जो काम किए हैं, उनसे हर गरीब को सुरक्षा और गरिमा मिली है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने आधुनिक प्रौद्योगिकी, अपने दृष्टिकोण और कार्यक्षमता के आधार पर हर गरीब तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया।
उन्होंने कहा कि पहले जहां हम टी.बी.और पोलियो जैसी बीमारियों का टीका नहीं बना पाए, हमने कोरोना संकट में रिकॉर्ड समय में कोरोना रोधी टीका बनाया और अंतिम व्यक्ति तक उसे पहुंचाया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी सदैव देश के विकास, गरीब कल्याण, प्रकृति और पर्यावरण को लेकर सोचते हैं। उन्होंने कहा कि गत नौ साल में प्रधानमंत्री ने देश को बदल दिया है, आज हर भारतवासी आत्म विश्वास और गौरव से भरा हुआ है। पूरी दुनिया में भारत की जय-जय हो रही है।
वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार के नौ वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित हैं। उन्होंने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा के कार्यकर्ता आज भारत के कोने-कोने में सुशासन को जमीन पर उतारने का काम कर रहे है।
शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के जमाने में कहा जाता था कि केन्द्र सरकार से एक रूपया भेजा जाता था तो 85 पैसे भ्रष्टाचार में चला जाता था, 15 पैसे ही जनता तक पहुंचते थे, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने भ्रष्टाचार की परंपरा का अंत कर देश को पारदर्शी व्यवस्था दी है। उन्होंने कहा कि आज केन्द्र सरकार एक रूपया अगर गरीब के लिए पहुंचाती है तो पूरा एक रूपया गरीब के खाते में पहुंचता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)