बेंगलुरु, तीन मई प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कर्नाटक में अपनी तीनों जनसभाओं के दौरान ‘जय बजरंग बली’ के नारे लगाए। उनके इस कदम को कांग्रेस के उस वादे की काट के तौर पर देखा जा रहा है, जिसमें उसने अपने चुनावी घोषणापत्र में दक्षिणपंथी संगठन बजरंग दल पर प्रतिबंध लगाने का वादा किया है।
'भारत माता की जय' के साथ-साथ मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत और अंत में दक्षिण कन्नड़ जिले के मुल्की, उत्तर कन्नड़ के अंकोला और बेलगावी जिले के बेलहोंगल में 'जय बजरंग बली' का नारा बुलंद किया।
कांग्रेस ने कर्नाटक में 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए अपने घोषणापत्र में कहा कि वह जाति और धर्म के आधार पर समुदायों के बीच नफरत फैलाने वाले व्यक्तियों और संगठनों के खिलाफ कड़ी और निर्णायक कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कांग्रेस ने घोषणापत्र में कहा है, ‘‘हमारा मानना है कि कानून और संविधान पवित्र है। कोई व्यक्ति या बजरंग दल, पीएफआई और नफरत एवं शत्रुता फैलाने वाले दूसरे संगठन, चाहे वह बहुसंख्यकों के बीच के हों या अल्पसंख्यकों के बीच के हों, वे कानून और संविधान का उल्लंघन नहीं कर सकते। हम ऐसे संगठनों पर कानून के तहत प्रतिबंध लगाने समेत निर्णायक कार्रवाई करेंगे।’’
विजयनगर जिले के होस्पेट में मोदी ने कांग्रेस के चुनावी घोषणापत्र में बजरंग दल पर प्रतिबंध लगाने का वादा करने का मुद्दा उठाया और इसे भगवान हनुमान की पूजा करने वालों को ताले में बंद करने की कोशिश करने का कांग्रेस का प्रयास करार दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘आज हनुमान जी की इस पवित्र भूमि को नमन करना मेरा बहुत बड़ा सौभाग्य है लेकिन दुर्भाग्य देखिए, मैं आज जब यहां हनुमान जी को प्रणाम करने आया हूं उसी समय कांग्रेस पार्टी ने अपने घोषणापत्र में बजरंगबली को ताले में बंद करने का निर्णय लिया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘पहले श्री राम को ताले में बंद किया और अब जय बजरंगबली बोलने वालों को ताले में बंद करने का संकल्प लिया है। यह देश का दुर्भाग्य है कि कांग्रेस पार्टी को प्रभु श्री राम से भी तकलीफ होती थी और अब जय बजरंगबली बोलने वालों से भी तकलीफ हो रही है।’’
कर्नाटक में विपक्षी दल कांग्रेस द्वारा अपने घोषणापत्र में बजरंग दल पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा के एक दिन बाद दक्षिणपंथी संगठन ने कहा कि उसने बृहस्पतिवार को राज्य में हनुमान चालीसा पाठ आयोजित करने का फैसला किया है।
ब्रजेन्द्र
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY