कोकराझार(असम), 24 जनवरी केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि एक साल पहले किये गए बोडोलैंड टेरिटोरियल रीजन (बीटीआर) समझौते ने पूर्वोत्तर में उग्रवाद को समाप्त करने की प्रक्रिया शुरू की है।
शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने अतीत में विभिन्न उग्रवादी संगठनों के साथ कई समझौतों पर हस्ताक्षर किए, लेकिन वह अपने वादों को निभाने में नाकाम रही।
शाह ने कहा, ‘‘मैं यहां यह बताने के लिए आया हूं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा बीटीआर समझौते के प्रावधानों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जो क्षेत्र में शांति और विकास का मार्ग प्रशस्त करेगा। यह क्षेत्र में उग्रवाद के अंत की शुरुआत का प्रतीक है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘गृहमंत्री के तौर पर और प्रधानमंत्री का प्रतिनिधि होने के नाते, मैं आप सबको भरोसा दिलाता हूं कि क्षेत्र (बोडोलैंड) में जहां कभी हत्या, अपहरण और हिंसा हुआ करती थी, वह असम के सबसे विकसित हिस्से के तौर पर उभरेगा।’’
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने शासन के दौरान हिंसा नहीं रोक सकी और शांति नहीं ला सकी ‘‘लेकिन वह हमें सलाह देने से बाज नहीं आ रही।’’
शाह ने कहा, ‘‘मैं कांग्रेस से पूछना चाहता हूं कि उसने अपने शासन काल के दौरान शांति एवं विकास के लिए क्या किया था? प्रधानमंत्री (मोदी) ने वादे किये और उन्हें पूरा किया। हमने बहुत हिंसा देखी है, जब शांति और विकास का वक्त है।’’
उन्होंने बीटीआर समझौता दिवस के अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि भाजपा सरकार में असम के सभी समुदायों के राजनीतिक अधिकार, संस्कृति और सुरक्षित है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY