देश की खबरें | मिजोरम, असम अंतरराज्यीय सीमा पर पुलिस बलों के बीच सौहार्दपूर्ण संबंध बनाए रखने पर सहमत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मिजोरम और असम ने अंतरराज्यीय सीमा पर तैनात दोनों राज्यों के पुलिस बलों के बीच सौहार्दपूर्ण संबंध बनाए रखने पर बुधवार को सहमति जताई। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई है।
आइजोल, 24 अगस्त मिजोरम और असम ने अंतरराज्यीय सीमा पर तैनात दोनों राज्यों के पुलिस बलों के बीच सौहार्दपूर्ण संबंध बनाए रखने पर बुधवार को सहमति जताई। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई है।
पांच सीमावर्ती जिलों - मिजोरम के कोलासिब व ममित और असम के कछार, करीमगंज व हैलाकांडी - के उपायुक्तों ने सीमा मुद्दे पर चर्चा करने के लिए मिजोरम के वैरेंगटे शहर में एक बैठक की।
यह बैठक नौ अगस्त को आइजोल में हुई मंत्रिस्तरीय वार्ता में लिए गए निर्णय के बाद की गई।
बयान में कहा गया है कि वे सीमा के दोनों ओर कृषि गतिविधियों को बिना किसी बाधा के जारी रखने के लिए कदम उठाने पर भी सहमत हुए हैं।
बयान के अनुसार सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई इस बैठक के दौरान सीमावर्ती वन क्षेत्रों की रक्षा के लिए सामूहिक प्रयास करने, जंगली जानवरों के शिकार और अवैध ढुलाई को रोकने और मिजोरम में उगाई गई सुपारी की पड़ोसी राज्यों में बिक्री को सुविधाजनक बनाने समेत कई मुद्दों पर चर्चा की गई।
मिजोरम के तीन जिले आइजोल, कोलासिब व ममित और असम के हैलाकांडी, करीमगंज व कछार जिले 164.6 किलोमीटर लंबी सीमा साझा करते हैं।
पिछले साल 26 जुलाई को सीमा पर हिंसक झड़प हुई थी, जिसमें असम के छह पुलिसकर्मियों और एक नागरिक की मौत हो गई थी। घटना में करीब 60 लोग घायल भी हुए थे।
इस साल नौ अगस्त को दोनों राज्यों ने आइजोल में मंत्रिस्तरीय बैठक कर सीमा पर शांति बनाए रखने पर सहमति जताई थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)