जरुरी जानकारी | डिश टीवी के अल्पांश शेयरधारकों ने ईजीएम के लिए नोटिस भेजा, दो स्वतंत्र निदेशकों को हटाने की मांग

नयी दिल्ली, 16 मई डिश टीवी के अल्पांश शेयरधारकों के एक समूह ने कंपनी की असाधारण आम बैठक (ईजीएम) बुलाने के लिए नोटिस भेजा है।

यह नोटिस कामकाज के संचालन (गवर्नेंस) के मुद्दों पर चिंता जताने, बोर्ड के पुनर्गठन की मांग करने और दो स्वतंत्र निदेशकों को हटाने की मांग के साथ भेजा गया है।

यह नोटिस डिश टीवी के 77 शेयरधारकों ने भेजा है, जिनके पास 10.15 प्रतिशत हिस्सेदारी है। इन्होंने के. बद्री नारायणन, सतीश कुमार यनमंद्रा, जीत सेन गुप्ता को कंपनी के बोर्ड में स्वतंत्र निदेशक के रूप में नामित करने का प्रस्ताव दिया है।

इसके अलावा बोर्ड से दो स्वतंत्र निदेशकों - शंकर अग्रवाल और रश्मी अग्रवाल को हटाने की भी मांग की गई है।

शेयरधारकों ने नोटिस में लिखा है कि मौजूदा स्वतंत्र निदेशकों का डिश टीवी और एस्सेल समूह के साथ दीर्घकालिक संबंध है, जो उनकी स्वतंत्रता पर संदेह पैदा करता है।

डिश टीवी अपने सबसे बड़े शेयरधारक यस बैंक लिमिटेड (वाईबीएल) और कंपनी के पूर्व चेयरमैन जवाहर लाल गोयल के नेतृत्व वाले प्रवर्तक परिवार के बीच बोर्ड प्रतिनिधित्व को लेकर विवाद में उलझी हुई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)