देश की खबरें | पर्यटन मंत्रालय ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने के लिए सप्ताह भर की ऑनलाइन गतिविधियां शुरू की

नयी दिल्ली, 17 जून केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय और इसके क्षेत्रीय कार्यालयों ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने के लिए देश-विदेश में सप्ताह भर चलने वाली ऑनलाइन गतिवधियां शुरू कर दी है तथा 19 जून को ‘प्रतिरक्षा के लिए योग’ वेबिनार आयोजित किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि 2015 से 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर पर्यटन मंत्रालय पत्रकारों, विश्व के विभिन्न हिस्सों से प्रभावशाली व्यक्तियों और टूर ऑपरेटरों की मेजबानी करेगा।

मंत्रालय से जारी एक बयान के मुताबिक कोविड-19 महामारी की मौजूदा स्थिति के कारण यात्रा करने की सलाह नहीं दी जा रही है, ऐसे में पर्यटन मंत्रालय और भारत तथा विदेशों में इसके क्षेत्र कार्यालयों ने ‘योग के साथ रहें घर पर रहें’ विषय के साथ विभिन्न ऑनलाइन कार्यक्रम शुरू किये हैं।

सप्ताह भर चलने वाले योग दिवस समारोहों में योग के महत्व को दर्शाने वाले पोस्ट, तस्वीरें और वीडियो विभिन्न सोशल मीडिया मंचों पर मंत्रालय के अकाउंट पर साझा किये जाएंगे।

मंत्रालय अनुभवी योग गुरुओं, ब्लॉगर और प्रभाशाली व्यक्तियों के साथ विभिन्न सत्रों का सीधा प्रसारण करने की भी योजना बना रहा है। इसमें यह बताया जाएगा कि योग ने उनके जीवन में क्या परिवर्तन किये हैं।

पर्यटन मंत्रालय इशा फाउंडेशन के सहयोग से शनिवार को पूर्वाह्न 11 बजे ‘प्रतिरक्षा के लिए योग’ वेबिनार का आयोजन करेगा।

मंत्रालय ने कहा, ‘‘वेबिनार के दौरान, इशा फाउंडेशन के योग गुरु ‘सिंह क्रिया’ का प्रदर्शन करेंगे, जो एक आसान लेकिन शक्तिशाली योगासन है और यह प्रतिरक्षा तथा संपूर्ण क्षमता को बढ़ाता है। ’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)