देश की खबरें | पर्यटन मंत्रालय ने भारत को पसंदीदा विवाह स्थल बनाने के लिए अभियान शुरू किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पर्यटन मंत्रालय ने भारत को विश्व स्तर पर एक पसंदीदा विवाह स्थल बनाने के लिए शनिवार को एक महत्वाकांक्षी अभियान शुरू किया।
नयी दिल्ली, 19 अगस्त पर्यटन मंत्रालय ने भारत को विश्व स्तर पर एक पसंदीदा विवाह स्थल बनाने के लिए शनिवार को एक महत्वाकांक्षी अभियान शुरू किया।
अधिकारियों ने कहा कि विवाह पर्यटन अभियान का उद्देश्य भारत के व्यापक विवाह उद्योग की क्षमता को उजागर करना भी है।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार पर्यटन को मिशन मोड में विकसित करने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाते हुए, मंत्रालय ने ‘‘वैश्विक मंच पर भारत को एक प्रमुख एवं पसंदीदा विवाह स्थल के रूप में प्रदर्शित करने के उद्देश्य से एक महत्वाकांक्षी अभियान’’ शुरू किया।
मंत्रालय ने बयान में कहा कि इस अभियान के तहत भारत में पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए अपार संभावनाओं को भी तलाशा जायेगा।
विशेष अभियान की शुरुआत करते हुए, केंद्रीय पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा, ‘‘आज एक उल्लेखनीय यात्रा की शुरुआत हुई है। भारत को दुनियाभर में विवाह स्थलों के प्रतीक के रूप में स्थापित करने का एक मिशन।’’
मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि अभियान मुंबई में शुरू किया गया।
ईईएमए (इवेंट एंड एंटरटेनमेंट मैनेजमेंट एसोसिएशन) के अध्यक्ष, समित गर्ग ने कहा, ‘‘इस विचार को साकार होते देखना वास्तव में अद्भुत है।’’
उन्होंने कहा कि पर्यटन मंत्रालय ने प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण को साकार करते हुए ‘‘विवाह पर्यटन अभियान को जीवंत बनाया है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)