देश की खबरें | महिलाओं और बच्चों के उद्धार में पुरुष समान साझेदार : स्मृति ईरानी

पणजी, 12 जून केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने रविवार को कहा कि जब महिलाओं और बच्चों के उद्धार का सवाल आता है तो पुरुष भी बराबर के हिस्सेदार हैं। उन्होंने कहा कि सभी का मिलकर काम करना समाज के लिए आशीर्वाद है।

गोवा की राजधानी में केंद्र सरकार की गत आठ साल की उपलब्धियों पर आयोजित क्षेत्रीय बैठक की अध्यक्षता करने के बाद मीडिया से बातचीत में महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने यह बात कही। इस बैठक में महाराष्ट्र, गोवा, केंद्रशासित प्रदेश दादरा-नगर हवेली और दमन-दीव के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

गोवा के महिला एवं बाल विकास मंत्री विश्ववजीत राणे की उपस्थिति में स्मृति ने कहा, ‘‘जब महिलाओं और बच्चों के उद्धार की बात आती है तो पुरुष भी बराबर का साझेदार है। जब हम बाल अधिकार की बात करते हैं तो हम लड़के के अधिकारों की भी बात करते हैं।’’

बाल देखभाल संस्थान के नियमन के संबंध में पूछे जाने पर ईरानी ने कहा कि पूर्व की किसी सरकार ने बाल देखभाल संस्थान स्थापित करने से पहले कोई ऐसी योजना नहीं बनाई।

उन्होंने कहा, ‘‘भारत में एक समय था जब आवेदन करने के बाद जवाब नहीं आता था, तो यह मान लिया जाता था कि वह (आवेदक) बाल देखभाल संस्थान खोल सकता है।’’

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि (बाल अधिकार के) सबसे खराब उल्लंघन की खबरें उन संस्थानों से आईं जिनकी कभी जांच नहीं की गई।

उन्होंने कहा, ‘‘यही वजह है कि जब किशोर न्याय अधिनियम पर अनुसंधान किया जा रहा था तब विपक्ष ने भी अपना समर्थन दिया और कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि अगर कोई बाल देखभाल संस्थान खोलना चाहता है तो जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक मंजूरी से पहले उस व्यक्ति की जांच करें।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)