कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ पार्टी के लोकसभा सदस्यों की बैठक, राहुल गांधी से फिर अध्यक्ष बनने का किया गया आग्रह
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शनिवार को पार्टी के लोकसभा सदस्यों के साथ डिजिटल बैठक की जिसमें देश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थिति एवं कोरोना महामारी के हालात पर चर्चा की गई, हालांकि इस दौरान कई सांसदों ने यह मांग की कि राहुल गांधी को फिर से पार्टी की कमान संभालनी चाहिए. कोरोना संकट से निपटने के सरकार के तौर-तरीकों को लेकर उसे घेरने की तैयारी कर रही है.
नई दिल्ली, 11 जुलाई: कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) ने शनिवार को पार्टी के लोकसभा सदस्यों के साथ डिजिटल बैठक की जिसमें देश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थिति एवं कोरोना महामारी के हालात पर चर्चा की गई, हालांकि इस दौरान कई सांसदों ने यह मांग की कि राहुल गांधी को फिर से पार्टी की कमान संभालनी चाहिए. सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में के. सुरेश, अब्दुल खालिक, गौरव गोगोई और कुछ अन्य सांसदों ने राहुल गांधी से आग्रह किया कि वह फिर से पार्टी की कमान संभालें.
इन सांसदों के अलावा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने भी शुक्रवार को कहा कि अब राहुल गांधी को फिर से कांग्रेस का नेतृत्व करना चाहिए. हाल ही में हुई कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी यह मांग उठाई थी जिसका कई नेताओं ने समर्थन किया था.
कांग्रेस के लोकसभा सदस्यों की बैठक में देश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थिति, कोरोना संकट और संसद के अगले सत्र में उठाए जाने वाले मुद्दों पर भी चर्चा की गई. सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस संसद के आगामी सत्र में लद्दाख में चीन के साथ गतिरोध और कोरोना संकट से निपटने के सरकार के तौर-तरीकों को लेकर उसे घेरने की तैयारी कर रही है.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 11, 2020 01:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

