देश की खबरें | कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक, गहलोत ने कहा कि जनता सरकार को 'रिपीट' करेगी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस की प्रदेश चुनाव समिति की बैठक शनिवार को यहां हुई। बैठक के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एवं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने इसे 'सफल एवं शानदार बैठक' करार देते हुये दावा किया कि (आसन्न विधानसभा चुनाव के बाद) राज्य में कांग्रेस सरकार फिर से बनेगी ।
जयपुर, 19 अगस्त कांग्रेस की प्रदेश चुनाव समिति की बैठक शनिवार को यहां हुई। बैठक के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एवं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने इसे 'सफल एवं शानदार बैठक' करार देते हुये दावा किया कि (आसन्न विधानसभा चुनाव के बाद) राज्य में कांग्रेस सरकार फिर से बनेगी ।
मुख्यमंत्री गहलोत ने यह भी कहा कि टिकट देने का एकमात्र मापदंड 'जीतने की क्षमता' होगा। राज्य में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं।
गहलोत ने कहा, 'बैठक बहुत शानदार रही। हम मैदान में उतर चुके हैं और घर घर में यह संदेश जा चुका है।'
उन्होंने कहा, 'मुझे पूरा विश्वास है कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में मैदान में उतरने जा रहे हैं... उसमें अवश्य ही कांग्रेस की भारी बहुमत से विजय होगी। हालांकि जनता माइबाप होती है, लेकिन जनता ने इस बार मन बना लिया है। फीडबैक आ रहा है कि इस बार जनता (कांग्रेस) सरकार को 'रिपीट' करेगी। यह मेरा विश्वास है।'
टिकट देने के मापदंड के बारे में पूछे जाने पर गहलोत ने कहा, 'विनिबिलिटी पहला मापदंड है। पहला व आखिरी मापदंड विनिबिलिटी होगा।’’
मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेताओं के राजस्थान में सक्रिय होने पर कटाक्ष करते हुए गहलोत ने कहा कि उनकी तो चुनाव से पहले ही हार मानने वाली स्थिति हो गई है।
गहलोत ने कहा, 'जनता पूछेगी उनसे कि चुनाव के बाद बिजली, पानी व चिकित्सा या अन्य फैसले भी दिल्ली में बैठकर किए जाएंगे... कौन करेगा। यदि आप इस स्थिति में ही नहीं हैं कि बता सको कि राजस्थान में हमारा नेता कौन है..... और क्या प्रधानमंत्री के चेहरे पर चुनाव लड़ा जाएगा। मैं समझता हूं कि यह चुनाव से पहले ही उनकी हार मानने वाली स्थिति बन गई है। जनता को इसका अहसास है।'
राज्य सरकार की अनेक महत्वाकांक्षी जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए गहलोत ने कहा कि अनेक मामलों में राजस्थान देश, प्रदेश को दिशा दिखा रहा है और पूरे देश में राजस्थान सरकार के काम की चर्चा हो रही है।
उन्होंने कहा, 'हमारी योजनाओं को अन्य सरकारें अपने घोषणा पत्र में रख रही हैं। अपने चुनाव अभियान में रख रही हैं.. पुरानी पेंशन योजना, स्वास्थ्य का अधिकार, शहरी रोजगार गारंटी योजना जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने सब मामलों में राजस्थान सरकार ने जो काम किए हैं आज भी उसकी चर्चा हर राज्य में हो रही है, यह हमारी बहुत बड़ी विजय है।'
संजीवनी क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसायटी घोटाला मामले में कथित संलिप्तता संबंधी बयान को लेकर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत द्वारा उनके (गहलोत) खिलाफ दर्ज कराए गए मानहानि के मामले संबंधी सवाल पर गहलोत ने कहा कि उन्होंने जो कुछ भी कहा वह राजस्थान पुलिस के विशेष कार्यबल (एसओजी) की रिपोर्ट पर आधारित था।
उन्होंने कहा कि वह अब भी अपनी बात पर कायम हैं कि सोसायटी घोटाले में शेखावत और उनके परिवार के सदस्य आरोपी हैं लेकिन मामला अदालत में विचाराधीन होने के कारण इस पर ज्यादा बोलना उचित नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि अगर शेखावत इसमें संलिप्त नहीं हैं तो उन्होंने जोधपुर उच्च न्यायालय से (अग्रिम) जमानत क्यों ली।
वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डोटासरा ने भी बैठक को सफल बताया और कहा कि सब में जीतने का एक जज्बा जुनून है।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारी सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं, हमारे सुशासन की चर्चा हर तरफ है। हम सब एकजुट हैं। हममें कहीं कोई मतभेद नहीं, कोई मनभेद नहीं है। हम सब मिलकर चुनाव लड़ेंगे। लोग कह रहे हैं कि 101 प्रतिशत राज्य में कांग्रेस सरकार रिपीट होगी।'
डोटासरा ने बताया कि 25, 26, 27 को प्रदेश चुनाव समिति के सदस्य दो-दो के समूह में जिलों में जाएंगे और वहां जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालयों में चर्चा करेंगे। वहीं गौरव गोगोई की अध्यक्षता वाली स्क्रीनिंग कमेटी 28-31 अगस्त तक चार दिन राजस्थान में रहेगी, इसके बाद प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।
आज की बैठक में पार्टी के प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, सह प्रभारी अमृता धवन, काजी निजामुद्दीन एवं वीरेंद्र राठौड़ तथा पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट भी शामिल हुए।
पृथ्वी रंजन
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)