एजेंसी न्यूज

चिकित्सा, वाहन बीमाओं के नवीकरण की समयसीमा 15 मई तक बढ़ायी गयी: वित्त मंत्रालय

यह छूट उन बीमा पॉलिसी के लिये है जिनके नवीनीकरण की तारीख 25 मार्च से तीन मई के बीच की है।

चिकित्सा, वाहन बीमाओं के नवीकरण की समयसीमा 15 मई तक बढ़ायी गयी: वित्त मंत्रालय
जमात

नयी दिल्ली, 16 अप्रैल वित्त मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को कहा कि लॉकडाउन की अवधि के दौरान जिन चिकित्सा और वाहन बीमाओं की समयसीमा समाप्त हो रही है, उन्हें अब 15 मई तक नवीकृत कराया जा सकता है।

यह छूट उन बीमा पॉलिसी के लिये है जिनके नवीनीकरण की तारीख 25 मार्च से तीन मई के बीच की है।

वित्त मंत्रालय ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘चिकित्सा और वाहन बीमा पॉलिसी के वैसे ग्राहकों की दिक्कतें दूर करने के लिये यह समयसीमा बढ़ायी जा रही है, जिनके पॉलिसी की समयसीमा लॉकडाउन की अवधि के दौरान समाप्त हो रही है। अब ऐसे बीमाधारक अपनी पॉलिसी का नवीकरण कराने के लिये 15 मई तक भुगतान कर सकते हैं।’’

वित्त मंत्रालय ने दो अलग अधिसूचनाओं में कहा कि वैसे बीमाधारक जिनका थर्ड पार्टी वाहन बीमा अथवा चिकित्सा बीमा 25 मार्च से 3 मई के बीच में समाप्त हो रहा है और वे अभी बीमा के नवीकरण का भुगतान कर पाने में सक्षम नहीं हैं, वे अब 15 मई तक भुगतान कर सकते हैं।

अधिसूचनाओं में बीमा धारकों को यह भी आश्वस्त किया गया कि यदि नवीकरण कराये जाने से पहले इस अवधि में वे उचित दावा करते हैं तो उन्हें बीमा पॉलिसी के सारे लाभ प्राप्त होंगे।

उल्लेखनीय है कि देश में कोरोना वायरस महामारी की रोकथाम के लिये लॉकडाउन (बंद) लागू है। पहले यह बंद 21 दिनों के लिये था और 14 अप्रैल को इसकी समयसीमा समाप्त हो रहा थी। हालांकि बाद में इसे तीन मई तक के लिये बढ़ा दिया गया है।

लॉकडाउन की अवधि बढ़ाये जाने से पहले बीमा पॉलिसी के नवीकरण की समयसीमा बढ़ाकर 21 अप्रैल तक की गयी थी। हालांकि लॉकडाउन के बढ़ाये जाने से नवीकरण की समयसीमा को और आगे बढ़ाने की जरूरत पड़ गयी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 16, 2020 02:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).