जरुरी जानकारी | अवकाश वाले छोटे कारोबारी सप्ताह में वैश्विक रुझान, महंगाई के आंकड़ों से तय होगी बाजार की चाल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. छुट्टियों वाले छोटे कारोबारी सप्ताह में शेयर बाजार की चाल घरेलू मुद्रास्फीति के आंकड़ों, वैश्विक रुझानों और विदेशी निवेशकों के रुख से तय होगी। विश्लेषकों ने यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 11 नवंबर छुट्टियों वाले छोटे कारोबारी सप्ताह में शेयर बाजार की चाल घरेलू मुद्रास्फीति के आंकड़ों, वैश्विक रुझानों और विदेशी निवेशकों के रुख से तय होगी। विश्लेषकों ने यह जानकारी दी।
बाजार मंगलवार को 'दिवाली बलिप्रतिपदा' के अवसर पर बंद रहेंगे।
स्वस्तिका इन्वेस्टमार्ट लिमिटेड के अनुसंधान प्रमुख संतोष मीना ने कहा, ''हम रविवार को मुहूर्त कारोबार के साथ एक छोटे कारोबारी सप्ताह में प्रवेश कर रहे हैं। इस दौरान वैश्विक संकेत बाजार की दिशा को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। व्यापक आर्थिक मोर्चे पर अक्टूबर के लिए खुदरा मुद्रास्फीति के आंकड़े 13 नवंबर को जारी होंगे। इसके बाद 14 नवंबर को थोक मूल्य सूचकांक (डब्ल्यूपीआई) के आंकड़े जारी किए जाएंगे।''
शेयर बाजारों में 12 नवंबर को दिवाली के अवसर पर एक विशेष मुहूर्त कारोबार सत्र का आयोजन किया जाएगा।
जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ''ध्यान अमेरिका और भारत के मुद्रास्फीति आंकड़ों पर होगा।''
इस सप्ताह अपने तिमाही नतीजों की घोषणा करने वाली कंपनियों में ग्रासिम इंडस्ट्रीज, एनएमडीसी, पीसी ज्वैलर और एमएमटीसी शामिल हैं।
नायर ने कहा कि निवेशक घरेलू और वैश्विक व्यापक आर्थिक आंकड़ों, वैश्विक कच्चे तेल तथा डॉलर के मुकाबले रुपये की चाल, वैश्विक रुझान, एफआईआई (विदेशी संस्थागत निवेशक) और डीआईआई (घरेलू संस्थागत निवेशक) की कारोबारी गतिविधि पर नजर रखेंगे।
पिछले सप्ताह बीएसई सेंसेक्स 540.9 अंक या 0.84 प्रतिशत चढ़ा और निफ्टी 194.75 अंक या एक प्रतिशत बढ़ा।
शुक्रवार को समाप्त हुए संवत वर्ष 2079 के दौरान सेंसेक्स 5,073.02 अंक या 8.47 प्रतिशत बढ़ा, जबकि निफ्टी 1,694.6 अंक या 9.55 प्रतिशत चढ़ गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 11, 2023 07:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

