एजेंसी न्यूज

बिकवाली दबाव में बाजार ने बढ़त गंवाई, निफ्टी रिकॉर्ड स्तर से फिसला

वैश्विक बाजारों में मिले-जुले रुख के बीच मंगलवार को सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) और बिजली क्षेत्र के शेयरों में अंतिम दौर की बिकवाली होने से बाजार ने अपनी शुरुआती बढ़त गंवा दी और दोनों मानक सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए.

बिकवाली दबाव में बाजार ने बढ़त गंवाई, निफ्टी रिकॉर्ड स्तर से फिसला

मुंबई, 30 अप्रैल : वैश्विक बाजारों में मिले-जुले रुख के बीच मंगलवार को सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) और बिजली क्षेत्र के शेयरों में अंतिम दौर की बिकवाली होने से बाजार ने अपनी शुरुआती बढ़त गंवा दी और दोनों मानक सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए. बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स दो दिनों से तेजी का सिलसिला जारी नहीं रख पाया और 188.50 अंक यानी 0.25 प्रतिशत गिरकर 74,482.78 अंक पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान एक समय यह 440.11 अंक उछलकर 75,111.39 अंक पर पहुंच गया था लेकिन कारोबार के अंतिम घंटे में बिकवाली के दबाव में आ गया. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का मानक सूचकांक निफ्टी भी 38.55 अंक यानी 0.17 प्रतिशत गिरकर 22,604.85 अंक पर बंद हुआ. दोपहर में निफ्टी 139.95 अंक की बढ़त के साथ 22,783.35 अंक के अपने रिकॉर्ड उच्चतम स्तर पर भी पहुंच गया था. सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से टेक महिंद्रा, टाटा स्टील, जेएसडब्ल्यू स्टील, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, लार्सन एंड टुब्रो और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट देखी गई.

इसके उलट महिंद्रा एंड महिंद्रा, पावर ग्रिड, बजाज फाइनेंस, इंडसइंड बैंक और मारुति में तेजी का रुख रहा. एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ बंद हुए जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट निचले स्तर पर बंद हुआ. यूरोप के अधिकांश बाजार गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे. अमेरिकी बाजार सोमवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे. वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.21 प्रतिशत चढ़कर 88.59 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया. जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, "अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक से पहले वैश्विक बाजारों में मिला-जुला रुख रहा. ऐसा लगता है कि बाजार ने पहले से ही निकट अवधि में ब्याज दर में कटौती की संभावना को कम मान लिया है. पिछले कुछ दिनों में आई तेजी के बाद मुनाफावसूली का जोर रहा." यह भी पढ़ें : CBI की टीम जमीन कब्जा मामले की जांच के लिए संदेशाखालि पहुंची, शिकायतकर्ताओं से की बात

विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) लगातार बिकवाली के बाद सोमवार को खरीदार बन गए. शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी निवेशकों ने 169.09 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की. सेंसेक्स सोमवार को 941.12 अंक उछलकर 74,671.28 अंक पर पहुंच गया था जबकि निफ्टी 223.45 अंक बढ़कर 22,643.40 अंक पर बंद हुआ था. बुधवार को महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर घरेलू शेयर बाजारों में कारोबार बंद रहेगा.

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 30, 2024 04:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).