हैदराबाद/नयी दिल्ली, आठ जून राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों और फिल्मी हस्तियों ने मीडिया जगत की जानी-मानी हस्ती रामोजी राव के निधन पर शनिवार को शोक व्यक्त किया तथा पत्रकारिता और फिल्म उद्योग में उनके योगदान की सराहना की।
रामोजी राव का शनिवार सुबह हैदराबाद के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 88 वर्ष के थे। वह समाचार एवं मनोरंजन जगत में व्यापक बदलाव लाने वाले रामोजी समूह के अध्यक्ष थे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रामोजी राव के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि उनके योगदान को लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
मुर्मू ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''रामोजी राव के निधन से भारत ने मीडिया और मनोरंजन जगत के एक दिग्गज व्यक्ति को खो दिया।''
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि रामोजी राव के समृद्ध योगदान ने पत्रकारिता और फिल्म जगत में अमिट छाप छोड़ी है। मोदी ने कहा कि अपने उल्लेखनीय प्रयासों के माध्यम से उन्होंने मीडिया और मनोरंजन जगत में नवाचार और उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित किए।
मोदी ने पोस्ट में कहा, ‘‘रामोजी राव में, भारत के विकास को लेकर जुनून था। मैं भाग्यशाली हूं कि मुझे उनसे बातचीत करने और उनके ज्ञान से लाभ उठाने के कई अवसर मिले। इस कठिन समय में उनके परिवार, मित्रों और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति।’’
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि पत्रकारिता, सिनेमा और मनोरंजन के क्षेत्र में रामोजी राव के योगदान ने अमिट छाप छोड़ी है और मीडिया परिदृश्य को बदल दिया।
पूर्व उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू, तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी समेत कई अन्य नेताओं ने भी रामोजी राव के निधन पर शोक व्यक्त किया।
पूर्व उपराष्ट्रपति नायडू ने अपने शोक संदेश में कहा कि रामोजी राव ने जिस भी क्षेत्र में काम किया उसमें मानक स्थापित किए। उन्होंने कहा कि तेलुगु और संस्कृति के लिए रामोजी राव की सेवा को हमेशा याद रखा जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY