देश की खबरें | एक प्रदर्शन को लेकर कई प्राथमिकियां: राकांपा नेता ने मुख्यमंत्री और ठाणे के पुलिस की आलोचना की

ठाणे,14 जनवरी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता एवं लोकसभा के पूर्व सदस्य आनंद परांजपे ने दिसंबर में हुए एक विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में उनके खिलाफ 11 प्राथमिकियां दर्ज किए जाने पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और ठाणे पुलिस की शनिवार को आलोचना की।

राकांपा नेता ने यह प्रतिक्रिया तब व्यक्त की, जब एक दिन पहले बंबई उच्च न्यायालय ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खिलाफ प्रदर्शन करने पर परांजपे के खिलाफ 11 प्राथमिकियां दर्ज किए जाने को लेकर महाराष्ट्र पुलिस की खिंचाई की थी।

खंडपीठ ने यह भी कहा था कि पुलिस तभी सबक सीखेगी, जब उसपर जुर्माना लगाया जाएगा और उसका भुगतान उन्हें अपने वेतन से करना पड़ेगा।

परांजपे के खिलाफ 12 दिसंबर को श्रीनगर पुलिस थाने में पहली प्राथमिकी दर्ज की गई थी। बाद में ठाणे आयुक्तालय के तहत आने वाले विभिन्न थानों में 10 और प्राथमिकियां दर्ज की गईं।

राकांपा नेता ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि इस तरह से मुठभेड़ कर उनकी हत्या की जा सकती है। साथ ही परांजपे ने ठाणे पुलिस पर सत्तारूढ़ दल की ‘निजी सेना’ के तौर पर काम करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि नेताओं के साथ इस प्रकार का बर्ताव बिल्कुल अनुचित है और सत्तारूढ़ दल द्वारा बदला लेने के लिये प्रशासनिक तंत्र का दुरुपयोग किया जा रहा है।

उन्होंने दावा किया कि छत्रपति शिवाजी महाराज पर एक मराठी फिल्म की स्क्रीनिंग को लेकर सत्तारूढ़ पार्टी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने पर उनके सहयोगी एवं पूर्व मंत्री जितेंद्र आव्हाड को भी इसी तरह कई मामलों में नामजद किया गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)