नयी दिल्ली, 31 जनवरी राज्यसभा में शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह, अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जिमी कार्टर तथा हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला और उच्च सदन के चार पूर्व दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि दी गयी। सदन ने भारत के आर्थिक विकास में डॉ सिंह योगदान की सराहना करते हुए एक प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया।
संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा संबोधित किए जाने के कुछ समय बाद उच्च सदन की बैठक शुरू हुई। कार्यवाही शुरू होते ही सभापति जगदीप धनखड़ ने भारतीय जनता पार्टी के सदाशिव तानवडे और तृणमूल कांग्रेस के साकेत गोखले को उनके जन्मदिन पर बधाई दी।
सभापति ने इसके उपरांत सदन को पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला, पूर्व सदस्य हरवेंद्र सिंह हंसपाल, श्याम बेनेगल, प्रीतीश नंदी एवं अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जेम्स अर्ल कार्टर जूनियर के पिछले दिनों हुए निधन की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह 2004 से लेकर 2014 तक भारत के लगातार दो बार प्रधानमंत्री रहे। वह छह बार राज्यसभा के सदस्य भी थे। उन्होंने उच्च सदन में नेता प्रतिपक्ष का दायित्व भी निभाया।
धनखड़ ने देश के आर्थिक विकास एवं समृद्धि में डॉ. सिंह के योगदान की सराहना करने वाला एक प्रस्ताव रखा जिसे सदन ने सर्वसम्मति से अनुमति दे दी। इसमें कहा गया, ‘‘डॉ सिंह के जीवन मूल्य एवं आदर्श हमारे लिए सदैव प्रेरणा बने रहेंगे।’’
उन्होंने कहा कि इस प्रस्ताव के माध्यम से सदन की भावनाओं से डॉ. सिंह के परिवार को अवगत कराया जाएगा।
सभापति ने चौटाला को देश का एक विशिष्ट एवं कद्दावर नेता करार देते हुए कहा कि उन्होंने 1987 से 1990 तक उच्च सदन में हरियाणा का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने कहा कि वह पांच बार हरियाणा के मुख्यमंत्री रहे तथा उन्होंने हमेशा किसानों एवं वंचित वर्गों के हित के लिए काम किया।
धनखड़ ने पूर्व सदस्यों हरवेंद्र सिंह हंसपाल, श्याम बेनेगल एवं प्रीतीश नंदी द्वारा सदन के कामकाज में दिये गये योगदान को याद करते हुए कहा कि इन सदस्यों ने अपने अपने क्षेत्रों में भी विशिष्ट भूमिका निभायी थी।
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति कार्टर का हाल में 100 वर्ष आयु में निधन हो गया। उनका जिक्र करते हुए धनखड़ ने कहा कि वह एक किसान परिवार से थे और उन्होंने अमेरिकी नौसेना में काम किया। वह अमेरिका के 39वें राष्ट्रपति थे। उन्हें शांति का नोबेल पुरस्कार भी मिला था।
सदस्यों ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. सिंह, चारों पूर्व सदस्यों एवं कार्टर के सम्मान में कुछ पलों का मौन रखा।
इसके उपरात वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आसन की अनुमति से आर्थिक समीक्षा 2024-25 की प्रति सदन की पटल पर रखी।
सभापति ने सदन को सूचित किया कि वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के वी विजयसाईं रेड्डी ने उन्हें 25 जनवरी को पत्र भेजकर उच्च सदन की सदस्यता से इस्तीफा देने की अनुमति मांगी है। सभापति ने सदन की अनुमति से उनका त्यागपत्र 25 जनवरी से स्वीकार कर लिया।
रेड्डी उच्च सदन में आंध्र प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। वह 2023 में लगातार दूसरी बार उच्च सदन के लिए आंध्र प्रदेश से निर्वाचित होकर आये थे।
उच्च सदन की बैठक शनिवार को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के भाषण पूरा होने के उपरांत लोकसभा की बैठक खत्म होने के एक घंटे बाद शुरू होगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY