देश की खबरें | मनमोहन, राहुल और कई अन्य कांग्रेसी नेताओं ने बूटा सिंह के निधन पर दुख जताया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेताओं ने पूर्व केंद्रीय मंत्री बूटा सिंह के निधन पर शनिवार को दुख जताया और उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।
नयी दिल्ली, दो जनवरी पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेताओं ने पूर्व केंद्रीय मंत्री बूटा सिंह के निधन पर शनिवार को दुख जताया और उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बूटा सिंह का लंबी बीमारी के बाद शनिवार की सुबह निधन हो गया। वह 86 साल के थे। शाम को लोधी रोड स्थित श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया।
पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी की तरफ से वरिष्ठ नेता मुकुल वासनिक और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की तरफ से संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बूटा सिंह को पुष्पांजलि अर्पित की।
मनमोहन सिंह ने बूटा सिंह के पुत्र अरविंदर सिंह लवली को शोक संदेश भेजकर संवेदना जताई।
सिंह ने कहा, ‘‘बूटा सिंह एक बेहतरीन सांसद और शानदार प्रशासक थे, जिन्होंने अपना पूरा जीवन गरीबों और अन्य पिछड़े वर्गों के लिए समर्पित कर दिया। पार्टी लाइन से इतर लोग उनसे स्नेह करते थे।’’
राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘सरदार बूटा सिंह जी के देहांत से देश ने एक सच्चा जनसेवक और निष्ठावान नेता खो दिया। उन्होंने अपना पूरा जीवन देश की सेवा और जनता की भलाई के लिए समर्पित कर दिया, जिसके लिए उन्हें सदैव याद रखा जाएगा। इस मुश्किल समय में उनके परिवारजनों को मेरी संवेदनाएं।’’
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने बूटा सिंह के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सरदार बूटा सिंह जी के जाने से हम सबको बहुत दुख हुआ है। उन्होंने समाज के हर तबके की उन्नति के लिए काम किया। दुख की इस घड़ी में उनके परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं।’’
कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला और पार्टी के कई अन्य नेताओं ने भी बूटा सिंह के निधन पर दुख जताया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)