जरुरी जानकारी | मणिपुर के मुख्यमंत्री ने पेश किया 2024-25 का बजट, कृषि पर जोर

इम्फाल, 31 जुलाई मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने बुधवार को वित्त वर्ष 2024-25 का 34,899 करोड़ रुपये का बजट पेश किया। इसमें कृषि और प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित लोगों के पुनर्वास पर जोर दिया गया है।

वित्त विभाग की भी जिम्मेदारी संभाल रहे सिंह ने कहा कि चालू वित्त वर्ष में सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) 49,937 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है।

विधानसभा सत्र के पहले दिन बजट पेश करते हुए सिंह ने कहा कि राज्य की अर्थव्यवस्था के लिए कृषि महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा, ‘‘कई प्रभावित किसानों को मुआवजा दिया जा चुका है। अभी और भुगतान किया जाना है। यह सुनिश्चित करने के प्रयास चल रहे हैं कि सभी खेती योग्य भूमि किसानों के लिए सुलभ हो।’’

उन्होंने बजट में मत्स्य पालन, बागवानी, पशुपालन और जैविक फसलों सहित कृषि और संबद्ध क्षेत्रों के लिए 883 करोड़ रुपये के आवंटन की घोषणा की।

सिंह ने हाल ही में मई और जुलाई में राज्य में आई प्राकृतिक आपदा पर भी चिंता व्यक्त की।

उन्होंने कहा, ‘‘विस्थापित व्यक्तियों के लिए राहत शिविरों के संचालन के लिए 101.75 करोड़ रुपये के विशेष राहत पैकेज को मंजूरी दी गई। राहत और पुनर्वास योजनाओं के लिए 209.45 करोड़ रुपये आवंटित किये गये। इसके अलावा, केंद्र सरकार ने 3,000 विस्थापित व्यक्तियों के लिए अस्थायी आश्रयों को लेकर 145.18 करोड़ रुपये को मंजूरी दी है।’’

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि हाल ही में एक केंद्रीय टीम के निरीक्षण के बाद ओलावृष्टि से हुए नुकसान के मुआवजे का प्रस्ताव केंद्र सरकार को सौंप दिया गया है।

उन्होंने 28 फरवरी को लेखानुदान पेश किया था। उस समय कहा गया था कि कि जब इस साल पूर्ण केंद्रीय बजट पेश किया जाएगा तो वह केंद्र सरकार के साथ अपने प्रयासों का बेहतर समन्वय कर सकते हैं।

सिंह ने कहा कि संचित निधि से प्रस्तावित कुल सकल व्यय 34,899 करोड़ रुपये है। इसमें राजस्व व्यय 20,628 करोड़ रुपये और पूंजीगत व्यय 8,616 करोड़ रुपये है।

कुल प्राप्तियां 34,815 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। इसमें राजस्व प्राप्ति 27,716 करोड़ रुपये होने का अनुमान है जबकि पूंजीगत प्राप्ति 7,099 करोड़ रुपये रहने की संभावना है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)