ताजा खबरें | मणिपुर : भाजपा, जद(यू) ने एक-एक सीट जीती, कांग्रेस तीन पर आगे

इंफाल, 10 मार्च मणिपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दबदबा कायम रखा हुआ है और उसके उम्मीदवार उशम देबेन सिंह ने बाब्गई निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 50 मतों के अंतर से हरा दिया है। निर्वाचन अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

तीन सीटों पर आगे चल रही जनता दल (यूनाइटेड) ने भी अपना खाता खोला है और उसके प्रत्याशी एन सानाटे ने तिपाईमुख निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के अपने करीबी प्रतिद्वंद्वी और पूर्व मंत्री चलतोन लीन आमो को 1,249 मतों के अंतर से हराया।

निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, भाजपा 19 सीटों पर आगे चल रही है और मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह हींनगांग सीट पर जीत की ओर बढ़ते दिख रहे हैं। वह कांग्रेस के अपने करीबी प्रतिद्वंद्वी से 18,000 से अधिक मतों के अंतर से आगे चल रहे हैं।

पिछले विधानसभा चुनाव में 28 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी कांग्रेस अभी महज तीन सीटों पर आगे चल रही है। नेशनल पीपल्स पार्टी चार सीटों पर जबकि नगा पीपुल्स फ्रंट सात सीटों पर आगे चल रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि राज्य की 60 विधानसभा सीटों के लिए हुए चुनाव की मतगणना कड़ी सुरक्षा एवं कोविड-19 प्रोटोकॉल के सख्त अनुपालन के बीच बृहस्पतिवार को सुबह आठ बजे से शुरू हुई।

अभी तक 41 निर्वाचन क्षेत्रों के रुझान ही उपलब्ध हुए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)