देश की खबरें | मनिकम टैगोर ने निशिकांत दुबे के आरोपों पर बिरला को पत्र लिखा, मामले को विशेषाधिकार समिति को भेजने का किया आग्रह
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. लोकसभा में कांग्रेस के सचेतक मनिकम टैगोर ने सोमवार को भाजपा सांसद निशिकांत दुबे द्वारा सदन में विपक्षी दल (कांग्रेस) के कुछ वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ लगाए गए आरोपों पर स्पीकर ओम बिरला को पत्र लिखा और मामले को जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए विशेषाधिकार समिति के पास भेजने की अपील की।
नयी दिल्ली, सात अगस्त लोकसभा में कांग्रेस के सचेतक मनिकम टैगोर ने सोमवार को भाजपा सांसद निशिकांत दुबे द्वारा सदन में विपक्षी दल (कांग्रेस) के कुछ वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ लगाए गए आरोपों पर स्पीकर ओम बिरला को पत्र लिखा और मामले को जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए विशेषाधिकार समिति के पास भेजने की अपील की।
बिरला को लिखे पत्र में, टैगोर ने विषय को जांच के लिए विशेषाधिकार समिति के पास भेजने की मांग की।
कांग्रेस नेता ने अपने पत्र में कहा, ‘‘मैं निचले सदन के निर्वाचित सदस्य के रूप में मेरे द्वारा अनुभव किए गए विशेषाधिकार हनन के मामले को अत्यंत विनम्रतापूर्वक प्रस्तुत करता हूं और आपके हस्तक्षेप के माध्यम से इस संबंध में आगे का कदम उठाये जाने के लिए आपका हस्तक्षेप चाहता हूं।’’
उन्होंने लिखा, ‘‘आपने देखा होगा कि 07-08-2023 को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी और सोनिया गांधी सहित विपक्षी पार्टी के सांसदों के बारे में गलत सूचना दी और उन पर राष्ट्र विरोधी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए चीन से धन प्राप्त करने का आरोप लगाया। उन्होंने (दुबे ने) साथ ही यह आरोप भी लगाया कि विपक्षी दल के नेताओं ने पत्रकारों और अलगाववादियों से हाथ मिलाया है और राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में लिप्त रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह आरोप पूरी तरह से मनगढ़ंत और अत्यंत अपमानजनक और परेशान करने वाले हैं।’’
इस मुद्दे पर दुबे द्वारा लोकसभा में की गई कुछ टिप्पणियों को सदन की कार्यवाही से हटा दिया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)