देश की खबरें | जनादेश मोदी के ‘समावेशी विकास, सर्वस्पर्शी सशक्तीकरण’ के संकल्प पर जनता की ‘पुख्ता मुहर’: नकवी

नयी दिल्ली, 10 मार्च केंद्रीय मंत्री व वरिष्ठ भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शानदार प्रदर्शन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "समावेशी विकास, सर्वस्पर्शी सशक्तीकरण" के संकल्प पर जनता की ‘‘पुख्ता मुहर’’ करार दिया है।

उन्होंने बृहस्पतिवार को कहा कि भाजपा को हराने के विपक्षी पार्टियों के ‘‘जुगाड़’’ पर भाजपा को जिताने का जनता का ‘‘जुनून’’ हावी रहा।

भाजपा राजनीतिक दृष्टि से अहम उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में लगातार दूसरी बार जीत की ओर बढ़ रही है और तीन अन्य राज्यों के रुझानों में बढ़त बनाए हुए है, जबकि आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब में जबरदस्त जीत के साथ इतिहास रचती दिखाई दे रही है।

नकवी ने यहां पत्रकरों से बातचीत में कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश एवं अन्य राज्यों में भाजपा की शानदार जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समावेशी विकास और सर्वस्पर्शी सशक्तीकरण के संकल्प पर जनता की पुख्ता मुहर है।’’

उन्होंने कहा कि जो राजनीतिक दल विकास के मुद्दे पर भाजपा सरकारों पर सवाल उठा रहे थे, वे इन चुनावों में ‘‘दिवालिया’’ हो गए हैं और लोगों ने सरकार के "प्रो-इंकम्बेंसी" और "विपक्ष के भाजपा हराओ विलाप" को नकार कर सुशासन और विकास की जुगलबंदी को जनादेश दिया है।

केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कहा कि चार राज्यों में पार्टी को मिला जनादेश प्रधानमंत्री मोदी के विकास एवं सांस्कृतिक विरासत को आगे ले जाने के संकल्प पर जनता की मुहर है।

उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश में जनता ने डबल इंजन सरकार को आशीर्वाद दिया है। बुलडोजर बाबा का बुलडोजर चल गया है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)