लंदन, 27 मई ब्रिटिश प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय ‘10 डाउनिंग स्ट्रीट’ के द्वार को टक्कर मारने वाली कार खतरनाक तरीके से चलाने और आपराधिक क्षति पहुंचाने के आरोप में बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किये जाने के बाद रिहा कर दिये गये 43 वर्षीय आरोपी को एक अन्य मामले में शनिवार को यहां एक अदालत में पेश किया गया।
कार से टक्कर मारने के मामले में जांच लंबित रहने तक उसे रिहा कर दिया गया था, लेकिन एक अन्य मामले में फिर से गिरफ्तार किये जाने के बाद उसे अदालत में पेश किया गया।
स्कॉटलैंड यार्ड (लंदन महानगर पुलिस) ने एक बयान में कहा कि सेथ केलर को बच्चों की अश्लील तस्वीर बनाने के आरोप में वेस्टमिंस्टर मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया गया।
संक्षिप्त सुनवाई के बाद, केलर को 23 जून को लंदन के साउथवार्क क्राउन कोर्ट में अगली सुनवाई होने तक, हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस ने यह पुष्टि की है कि डाउनिंग स्ट्रीट में हुई कार दुर्घटना को अभी आतंकवाद से संबद्ध घटना नहीं माना जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि बृहस्पतिवार को ब्रिटिश प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय पर ड्यूटी पर मौजूद सशस्त्र अधिकारियों ने आपराधिक क्षति पहुंचाने और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया था।
डाउनिंग स्ट्रीट की कई सीसीटीवी फुटेज में प्रधानमंत्री कार्यालय के द्वार से एक कार टकराते देखा जा सकता है।
प्रधानमंत्री ऋषि सुनक उस वक्त अपने कार्यालय में ही थे, लेकिन एक पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के लिए जल्द ही दूसरे निकास द्वार से वहां से गये।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY