देश की खबरें | शिकारियों की गोली से आदमखोर तेंदुआ ढेर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तराखंड के टिहरी जिले के अखोड़ी गांव में तीन दिन पहले एक बालक को अपना निवाला बनाने वाले आदमखोर तेंदुए को मंगलवार को वन विभाग के शिकारियों ने गोली मार कर ढेर कर दिया । अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी ।
नई टिहरी, 19 अप्रैल उत्तराखंड के टिहरी जिले के अखोड़ी गांव में तीन दिन पहले एक बालक को अपना निवाला बनाने वाले आदमखोर तेंदुए को मंगलवार को वन विभाग के शिकारियों ने गोली मार कर ढेर कर दिया । अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी ।
जिले के भिलंगना प्रखंड के अखोड़ी गांव में ही वन विभाग के शिकारियों का निशाना बने नर तेंदुए की उम्र करीब सात वर्ष बताई जा रही है।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मृत तेंदुए के दांत घिसे हुए हैं और नाखून टूटे हैं और संभवत: इसी कारण वह आदमखोर बना होगा ।
सोलह अप्रैल की शाम तेंदुए ने अखोड़ी में सात वर्षीय बालक नवीन को अपना शिकार बना लिया था, जिससे आक्रोशित ग्रामीणों की मांग पर वन विभाग ने उसे आदमखोर घोषित कर उसे मारने के लिए शिकारी गंभीर सिंह भंडारी और जॉय हुकिल को तैनात किया था।
तेंदुए की लोकेशन का पता लगाने के लिए विभाग ने चार ट्रैप कैमरा भी लगाए थे ।
वन रेंज अधिकारी आशीष नौटियाल ने बताया कि सोमवार रात करीब नौ तेंदुआ उसी घटनास्थल पर पहुंचा जहां उसने बच्चे को निवाला बनाया था। शिकारी भंडारी ने तेंदुए पर गोली चलाई जिससे वह घायल हुआ लेकिन मौके से भाग गया ।
उन्होंने बताया कि रातभर तलाश के बावजूद तेंदुआ नहीं दिखा लेकिन मंगलवार सुबह वह नाले के पास झाडियों के बीच पड़ा मिला। इसके बाद दोनों शिकारियों ने अलग-अलग दिशा से मोर्चा संभालते हुए तेंदुए को गोलियों से ढेर कर दिया ।
तेंदुए को मार गिराए जाने के बाद अखोड़ी और आसपास के क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है ।
हांलांकि, नौटियाल ने कहा कि तेंदुए के मारे जाने के बावजूद फिलहाल वनकर्मियों को अखोड़ी गांव में गश्त जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं । इसके अलावा लोगों से रात के अंधेरे में अकेले बाहर न निकलने की सलाह भी दी गयी है ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 19, 2022 07:04 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

