देश की खबरें | दिल्ली के भजनपुरा में खुले नाले में गिरने से व्यक्ति की मौत

नयी दिल्ली, 16 सितंबर उत्तर-पूर्वी दिल्ली में 32 वर्षीय एक व्यक्ति की खुले नाले में गिरने के बाद डूबने से मौत हो गयी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार यह घटना रविवार सुबह 6.08 बजे भजनपुरा इलाके में उस समय हुई, जब हरीश बैसला अपने घर लौट रहे थे।

इस घटना की सूचना मिलने पर पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि स्थानीय लोगों की मदद से व्यक्ति को नाले से बाहर निकाला गया और पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘हरीश शादीशुदा था और उसके परिवार में उसकी पत्नी और एक बच्चा है। हमने घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।’’

पुलिस सूत्रों ने बताया कि हरीश अपने दोस्तों के साथ अपने एक मित्र का जन्मदिन मनाने के लिए बाहर गया था और सुबह-सुबह घर लौटते समय वह नाले को देखने से चूक गया।

सूत्र के मुताबिक हरीश के पिता भी दिल्ली पुलिस के साथ काम करते हैं।

उन्होंने बताया कि हरीश खजूरी खास पुलिस थाने में अपराध एवं आपराधिक ट्रैकिंग नेटवर्क एवं सिस्टम (सीसीटीएनएस) के लिए निजी ऑपरेटर के रूप में काम करता था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)