कोलकाता, 21 जुलाई पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए उस पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ‘‘नियंत्रित’’ होने का आरोप लगाया।
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ने इस्लामाबाद के साथ हालिया तनाव के दौरान पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) को वापस लेने में सरकार की विफलता पर भी सवाल उठाया।
यहां एस्प्लेनेड में तृणमूल कांग्रेस की वार्षिक शहीद दिवस रैली को संबोधित करते हुए ममता ने पहलगाम आतंकवादी हमले और उसके बाद चलाए गए 'ऑपरेशन सिंदूर' का जिक्र किया। 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत भारत ने सीमा पार कई आतंकवादी शिविरों पर हमला किया था।
उन्होंने कहा, "आपका नियंत्रण अमेरिकी राष्ट्रपति (डोनाल्ड ट्रंप) के हाथों में है और आप हमें उपदेश देने की जुर्रत कर रहे हैं? आप (केंद्र सरकार) उनके (अमेरिकी राष्ट्रपति) आदेशों का पालन कर रहे हैं।"
ममता की टिप्पणी ट्रंप के उस विवादास्पद दावे की ओर इशारा करती प्रतीत होती है, जिसमें अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा था कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान को व्यापार बंद करने की धमकी देकर नयी दिल्ली को इस्लामाबाद के साथ संघर्ष-विराम के लिए राजी किया।
हालांकि, भारतीय अधिकारियों ने सैन्य संघर्ष रोकने में किसी भी तीसरे पक्ष की संलिप्तता से लगातार इनकार किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY