देश की खबरें | हाथरस की घटना के खिलाफ कोलकाता में प्रदर्शन की अगुवाई करेंगी ममता बनर्जी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी हाथरस में 19 साल की एक युवती से कथित सामूहिक बलात्कार और बाद में उसकी मौत की घटना को लेकर शनिवार को यहां प्रदर्शन की अगुवाई करेंगी। पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी।
कोलकाता, दो अक्टूबर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी हाथरस में 19 साल की एक युवती से कथित सामूहिक बलात्कार और बाद में उसकी मौत की घटना को लेकर शनिवार को यहां प्रदर्शन की अगुवाई करेंगी। पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल को कथित बलात्कार पीड़िता के परिवार से मिलने से रोके जाने के बाद यह निर्णय लिया गया है।
पिछले छह माह में यह पहली बार होगा कि तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष सड़कों पर उतरेंगी। कोविड-19 के चलते मार्च में देशभर में लॉकडाउन लगा दिया गया था।
तृणमूल कांग्रेस के सूत्रों के अनुसार, रैली शाम चार बजे शुरू होगी और प्रदर्शनकारी मध्य कोलकाता में बिड़ला तारामंडल से महात्मा गांधी की प्रतिमा तक पैदल जायेंगे।
बनर्जी ने हाथरस की पीड़िता का अंतिम संस्कार रात में किये जाने के घटनाक्रम की तुलना बृहस्पतिवार को देवी सीता की ‘अग्नि परीक्षा’ से की थी।
तृणमूल कांग्रेस ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि उसकी महिला सांसद प्रतिमा मंडल जब कथित बलात्कार पीड़िता के परिवार से मिलने जा रही थीं तब जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने उनसे गलत व्यवहार किया।
पार्टी ने कई वीडियो क्लिप भी साझा किये, जिनमें यह देखा जा सकता है कि राज्यसभा में उसके नेता डेरेक ओ ब्रायन को पीड़िता के घर से कुछ ही किलोमीटर पहले रास्ते में पुलिसकर्मी धक्का देकर जमीन पर गिरा रहे हैं और मंडल से सड़क पर प्रशासनिक अधिकारी धक्कामुक्की कर रहे हैं।
हालांकि, प्रदेश भाजपा प्रमुख दिलीप घोष ने पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ पार्टी पर इस मुद्दे के राजनीतिकरण की कोशिश करने का आरोप लगाया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)