देश की खबरें | सरकारी कर्मियों के राजस्व की हेराफेरी करने पर ममता ने लगाई डीएम को फटकार

पुरुलिया (पश्चिम बंगाल), 30 मई पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को पुरुलिया के जिला मजिस्ट्रेट राहुल मजूमदार को “अज्ञात संग्रह एजेंटों” द्वारा ईंट भट्टों से एकत्र किए गए राजस्व की चोरी की शिकायत मिलने के बाद फटकार लगाई और कहा कि अगर कोई टीएमसी कार्यकर्ता भ्रष्टाचार में शामिल होता तो वह एक जोरदार थप्पड़ मारतीं।

उन्होंने भू-राजस्व विभाग के कर्मचारियों के शामिल होने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी दी।

बनर्जी ने कहा, “डीएम, क्या आप शिकायतें सुन रहे हैं? आपके प्रशासन में निचले स्तर के अधिकारी एकत्रित धन खा रहे हैं। यह तृणमूल कांग्रेस पार्टी के लोगों द्वारा नहीं किया जाता है। आप क्या कर रहे हैं? आप इस जिले में प्रशासन कैसे चला रहे हैं?”

उन्होंने कहा, “अगर यह मेरी पार्टी के किसी सदस्य द्वारा किया जाता, तो मैं उसे एक जोरदार थप्पड़ मार देती। मैं लोगों को इतना दे रही हूं, फिर भी, उन्हें इतनी जरूरत है। आजकल लोग इतने लालची क्यों हो गए हैं?”

बैठक के दौरान हुरा प्रखंड के एक प्रतिनिधि ने आरोप लगाया कि ईंट भट्ठों से वसूला गया राजस्व सरकार तक नहीं पहुंच रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्व इकट्ठा करने के लिए कार्यरत लोग इसकी हेराफेरी कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा, “पहले, मैं सोचती थी कि केवल राजनेता ही चोर होते हैं... वे बदनाम होते हैं। लेकिन जनता के लिए सरकारी काम में शामिल लोगों में सद्भावना होनी चाहिए। अगर किसी ने गलती की है, तो मैं उन्हें इसे सुधारने का सुझाव देती हूं।”

पुरुलिया के प्रशासनिक दौरे पर आई बनर्जी ने अधिकारियों को सलाह दी कि अगर उन्हें लगता है कि उन्हें “फंसाया” जा रहा है तो वे पुलिस में शिकायत दर्ज कराएं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)