देश की खबरें | मेजर जनरल संजय कुमार ने उत्तर महाराष्ट्र और गुजरात उप-क्षेत्र के जीओसी के रूप में प्रभार संभाला

नागपुर (महाराष्ट्र), छह फरवरी मेजर जनरल संजय कुमार विद्यार्थी ने नागपुर में एक समारोह में सोमवार को उत्तर महाराष्ट्र तथा गुजरात उप-क्षेत्र के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी) का प्रभार संभाला।

इस संबंध में जारी एक रक्षा विज्ञप्ति के अनुसार, भारतीय सेना की इंजीनियर्स रेजीमेंट में 19 दिसंबर 1987 को भर्ती हुए विद्यार्थी ने साढ़े तीन दशकों से अधिक के अपने शानदार करियर में कई महत्वपूर्ण अभियानगत, अनुदेशात्मक तथा प्रशासनिक भूमिका निभाई।

उन्होंने वेलिंगटन के डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज से रक्षा अध्ययन में एमएससी की डिग्री हासिल की और नयी दिल्ली के राष्ट्रीय रक्षा कॉलेज से एमफिल की।

विज्ञप्ति के अनुसार, ‘‘उन्होंने पश्चिमी सेक्टर में इंजीनियर रेजीमेंट, अरुणाचल प्रदेश में एक माउंटेन ब्रिगेड और पश्चिमी क्षेत्र में एक इन्फेंट्री डिवीजन की कमान संभाली। वह आर्मी वॉर कॉलेज, महू, एचक्यू माउंटेन डिवीजन, एचक्यू स्ट्राइक कोर और आर्मी एचक्यू में विभिन्न महत्वपूर्ण पद पर रहे।’’

जनरल ऑफिसर को 2023 में अति विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया तथा अरुणाचल प्रदेश में एक ब्रिगेड की कमान संभालते हुए सेना पदक प्रदान किया गया।

कमांडिंग ऑफिसर की भूमिका में उन्होंने 2006 में 150 फुट गहरे बोरवेल में करीब 48 घंटे तक फंसे रहे चार साल के प्रिंस को बचाने में अहम भूमिका निभायी थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)