देश की खबरें | मजीठिया अमृतसर पूर्व से सिद्धू को देंगे चुनौती, प्रकाश बादल एक बार फिर लांबी से लड़ेंगे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. शिरोमणि अकाली दल (शिअद) प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने बुधवार को घोषणा की कि पार्टी के वरिष्ठ नेता और उनके साले बिक्रम सिंह मजीठिया पंजाब कांग्रेस के प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू के खिलाफ अमृतसर पूर्व से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे।
चंडीगढ़, 26 जनवरी शिरोमणि अकाली दल (शिअद) प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने बुधवार को घोषणा की कि पार्टी के वरिष्ठ नेता और उनके साले बिक्रम सिंह मजीठिया पंजाब कांग्रेस के प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू के खिलाफ अमृतसर पूर्व से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे।
सुखबीर बादल ने अपने 94 वर्षीय पिता और राज्य के पांच बार मुख्यमंत्री रह चुके प्रकाश सिंह बादल को एक बार फिर लांबी विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाने की भी घोषणा की।
शिअद प्रमुख ने ये दोनों घोषणाएं अमृतसर में संवाददाताओं से बातचीत के दौरान की। उन्होंने कहा कि मजीठिया यह सुनिश्चित करेंगे कि सिद्धू की जमानत जब्त हो जाए। उन्हें पहले ही मजीठा सीट से शिअद उम्मीदवार घोषित किया जा चुका था।
मजीठिया के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत पिछले माह मुकदमा दर्ज किया गया था। वह इस मामले में अग्रिम जमानत लेने का प्रयास कर रहे हैं।
इन दोनों सीट से उम्मीदवारों की घोषणा के साथ शिअद ने अपने हिस्से की सभी 97 सीट पर उम्मीदवार घोषित कर दिये हैं। पंजाब में 20 फरवरी को विधानसभा चुनाव होने हैं।
शिअद ने 117 सीट के लिए होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी के साथ चुनाव-पूर्व गठबंधन किया है। समझौते के तहत बसपा शेष 20 सीट से चुनाव लड़ेगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)