देश की खबरें | ऑनलाइन गेमिंग के जरिये धर्मांतरण मामले में ट्रांजिट रिमांड पर लाया गया मुख्य आरोपी

गाजियाबाद (उप्र), 13 जून उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद पुलिस की एक टीम ऑनलाइन गेमिंग के जरिए धर्मांतरण कराने के मामले के मुख्य आरोपी शाहनवाज मकसूद खान उर्फ ​​बद्दो को महाराष्ट्र के ठाणे जिले से ट्रांजिट रिमांड पर लेकर यहां पहुंची। उसे स्थानीय अदालत में पेश किया गया जहां से उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

सहायक पुलिस आयुक्त (कवि नगर) अभिषेक त्रिपाठी ने मंगलवार को बताया कि बद्दो को 12/13 जून की दरम्यानी रात को गाजियाबाद लाया गया और संक्षिप्त पूछताछ के बाद उसे एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

उन्होंने बताया कि सोमवार को महाराष्ट्र के रायगढ़ से बद्दो की गिरफ्तारी के बाद ठाणे की एक अदालत ने उसकी 72 घंटे की ट्रांजिट रिमांड मंजूर की थी।

त्रिपाठी ने कहा कि विस्तृत पूछताछ के लिए पुलिस अब उसका पुलिस रिमांड मांगेगी।

उन्होंने बताया कि गाजियाबाद के रहने वाले एक व्यक्ति ने पिछले दिनों एक शिकायत में कहा था कि मौलवी अब्दुल रहमान और बद्दो ने हाल ही में उनके बेटे का धर्मांतरण कराया था, उसका बेटा ऑनलाइन गेम के जरिए बद्दो के संपर्क में आया था।

उन्होंने बताया कि इस मामले में संजय नगर सेक्टर-23 मस्जिद के मौलवी अब्दुल रहमान और बद्दो का नाम सामने आया था। इस मामले में पुलिस ने रहमान को पिछली चार जून को गिरफ्तार किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)