जरुरी जानकारी | महिंद्रा हॉलिडेज का चौथी तिमाही का मुनाफा साढ़े तीन गुना होकर 56.31 करोड़ रुपये पर

नयी दिल्ली, 25 अप्रैल महिंद्रा हॉलिडेज एंड रिजॉर्ट्स इंडिया लिमिटेड (एमएचआरआईएल) का एकीकृत शुद्ध लाभ मार्च में समाप्त बीते वित्त वर्ष (2022-23) की चौथी तिमाही में साढ़े तीन गुना से अधिक होकर 56.31 करोड़ रुपये रहा।

एमएचआरआईएल ने मंगलवार को शेयर बाजारों को यह जानकारी दी।

इससे पिछले वित्त वर्ष 2021-22 की मार्च तिमाही में कंपनी ने 15.87 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध लाभ कमाया था।

कंपनी की परिचालन आय भी आलोच्य अवधि में 542.58 करोड़ रुपये से बढ़कर 711.61 करोड़ रुपये रही।

कंपनी ने कहा कि बीती तिमाही में कुल खर्च 658.24 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले इसी अवधि में यह 551.03 करोड़ रुपये था।

कंपनी का 31 मार्च, 2023 को समाप्त पूरे वित्त वर्ष 2022-23 का एकीकृत शुद्ध लाभ 67.64 करोड़ रुपये से बढ़कर 113.82 करोड़ रुपये हो गया।

वहीं इस दौरान कंपनी की एकीकृत परिचालन आय बढ़कर 2,516.99 करोड़ रुपये हो गई। वित्त वर्ष 2021-22 में यह 2,013.29 करोड़ रुपये रही थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)