एजेंसी न्यूज

Mahatma Gandhi Death Anniversary 2023: 1948 में आज ही के दिन नाथूराम गोडसे ने महात्मा गांधी की कर दी थी हत्या

जनवरी का महीना जाते-जाते देश को एक बड़ा जख्म दे गया. दरअसल, 30 जनवरी 1948 की शाम को नाथूराम गोडसे ने महात्मा गांधी की जान ले ली, जिससे यह दिन इतिहास में सबसे दुखद दिनों में शामिल हो गया.

Mahatma Gandhi Death Anniversary 2023: 1948 में आज ही के दिन नाथूराम गोडसे ने महात्मा गांधी की कर दी थी हत्या
Mahatma Gandhi (Photo: Wikimedia Commons)

नयी दिल्ली, 30 जनवरी जनवरी का महीना जाते-जाते देश को एक बड़ा जख्म दे गया. दरअसल, 30 जनवरी 1948 की शाम को नाथूराम गोडसे ने महात्मा गांधी की जान ले ली, जिससे यह दिन इतिहास में सबसे दुखद दिनों में शामिल हो गया. विडंबना देखिए कि अहिंसा को अपना सबसे बड़ा हथियार बनाकर अंग्रेजों को देश से बाहर का रास्ता दिखाने वाले महात्मा गांधी खुद हिंसा का शिकार हुए। वह उस दिन भी रोज की तरह शाम की प्रार्थना के लिए जा रहे थे. यह भी पढ़ें: पीएम मोदी, अमित शाह, राहुल गांधी समेत इन नेताओं ने किया बापू को याद

उसी समय गोडसे ने उन्हें बहुत करीब से गोली मारी और साबरमती का संत ‘हे राम’ कहकर दुनिया से विदा हो गया. अपने जीवनकाल में अपने विचारों और सिद्धांतों के कारण चर्चित रहे मोहन दास करमचंद गांधी का नाम दुनियाभर में सम्मान से लिया जाता है.

देश-दुनिया के इतिहास में 30 जनवरी की अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-

1903 : लॉर्ड कर्जन ने कलकत्ता के मटकॉफ हॉल में इंपीरियल लाइब्रेरी का उद्घाटन किया, वर्ष 1948 में इस लाइब्रेरी का नाम बदलकर नेशनल लाइब्रेरी कर दिया गया।

1933 : राष्ट्रपति पॉल वान हिंडेनबर्ग ने अडोल्फ हिटलर को जर्मनी का चांसलर बनाया,

1941 : नौवहन के इतिहास की एक बड़ी घटना में सोवियत संघ की एक पनडुब्बी ने जर्मनी का एक पोत डुबा दिया, जिससे उसमें सवार लगभग नौ हजार लोगों की मौत हो गई.

1948 : शाम की प्रार्थना के लिए जा रहे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की नयी दिल्ली के बिड़ला भवन में हत्या। तभी से इस दिन को ‘शहीद दिवस’ के रूप में मनाया जाता है.

1965: ब्रिटेन के लोगों ने द्वितीय विश्वयुद्ध के समय देश के प्रधानमंत्री रहे विंस्टन चर्चिल को अंतिम विदाई दी। चर्चिल एक कुशल कूटनीतिज्ञ और प्रखर वक्ता थे। वह एकमात्र प्रधानमंत्री थे, जिन्हें नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्हें ब्रिटेन की महानतम विभूतियों में गिना जाता है.

1985 : लोकसभा ने दल बदल विरोधी कानून पारित कर राजनीतिक दलबदलुओं के स्वत: अयोग्य होने का रास्ता साफ कर दिया.

2004 : वैज्ञानिकों ने संवाददाता सम्मेलन में ऐलान किया कि मंगल पर भेजे गए अंतरिक्ष यान ‘ऑपर्च्युनिटी’ को लाल ग्रह पर आयरन ऑक्साइड की मौजूदगी के संकेत मिले हैं. इसका सीधा मतलब है कि संभवत: एक समय वहां पानी रहा होगा.

2007 : एक बड़े अंतरराष्ट्रीय सौदे में भारत की दिग्गज कंपनी टाटा ने एंग्लो डच स्टील निर्माता कंपनी कोरस ग्रुप को 12 अरब डॉलर से अधिक में ख़रीदा.

2008 : चेन्नई की एक विशेष अदालत ने स्टांप घोटाला मामले के मुख्य आरोपी अब्दुल करीम तेलगी को 10 साल की सज़ा सुनाई.

2009 : ऑस्ट्रेलिया ओपन के मिक्स्ड डबल मुक़ाबले में सानिया मिर्ज़ा और महेश भूपति की जोड़ी फाइनल में पहुंची.

2009 : कोका कोला कंपनी ने ऐलान किया कि वह अमेरिका में अपने प्रमुख उत्पाद कोका कोला क्लासिक का नाम बदलकर कोका कोला करने जा रही है. कोका कोला के साथ ‘क्लासिक’ शब्द को 1985 में जोड़ा गया था.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 30, 2023 10:22 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).