शिवमोगा (कर्नाटक), 21 अगस्त कर्नाटक में शिवमोगा जिले के होलेहोन्नुर में एक चौराहे पर लगी महात्मा गांधी की प्रतिमा को कुछ अज्ञात बदमाशों ने खंडित कर दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, इस घटना को बाइक सवार दो युवकों ने रविवार देर रात अंजाम दिया। उसने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए तलाश अभियान शुरू कर दिया गया है।
कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और अन्य लोगों ने यहां प्रदर्शन कर घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को गिरफ्तार करने की मांग की। यह घटना शनिवार देर रात करीब डेढ़ बजे हुई।
पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और उन्होंने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि वे बदमाशों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे।
घटना की निंदा करते हुए मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने कहा कि जघन्य कृत्य के लिए जिम्मेदार लोगों को पकड़ा जाएगा और उन्हें कानून के तहत दंडित किया जाएगा।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर कहा, “ मैं शिवमोगा के होलेहोन्नुर में स्थापित महात्मा गांधी की प्रतिमा को खंडित करने के देशभक्त विरोधी कृत्य की कड़ी निंदा करता हूं। सिर्फ वही लोग इस जघन्य घटना को अंजाम दे सकते हैं, जो स्वतंत्रता आंदोलन, संविधान और कानून का सम्मान नहीं करते हैं। इस जघन्य कृत्य के पीछे जो भी लोग हैं, उन्हें पकड़ा जाएगा और कानून के तहत दंडित किया जाएगा।”
मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं लोगों से आग्रह करता हूं कि वे व्यथित न हों और कानून अपने हाथ में न लें बल्कि शांति और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY