देश की खबरें | महाराष्ट्र : ननद द्वारा जला कर मारने की कोशिश के 10 दिनों बाद महिला की मौत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी.

यवतमाल, 18 जुलाई महाराष्ट्र के यवतमाल जिले में ननद द्वारा कथित तौर पर आग लगा जलाकर मारने की कोशिश के 10 दिनों बाद रविवार को एक 25 वर्षीय महिला की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पीड़िता ने हाल ही में एक बच्ची को जन्म दिया था, जिसके कारण उसके पति की बहन नाराज हो गयी थी। उसे लगा कि उसकी अपनी बेटी को परिवार के सदस्य अब उतना प्यार नहीं करेंगे।

पुलिस ने आरोपी महिला 35 वर्षीय कांता संजय राठौर को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता मोनिका पवार यवतमाल के पंढारकावड़ा तहसील की रहने वाली थी, जो अपनी तलाकशुदा ननद कांता के साथ संयुक्त परिवार में रहती थी।

मामले में शिकायत करने वाली पीड़िता की मौसी के मुताबिक, मोनिका ने छह साल पहले गणेश पवार से शादी की थी और उनका पांच साल का बेटा और 12 दिन की बेटी है। पीड़िता और आरोपी ननद के बीच अक्सर कहासुनी हुआ करती थी। पुलिस के मुताबिक बच्ची को जन्म देने के कुछ दिनों के बाद पीड़िता आग की चपेट में आ गयी और उसे वर्धा के सेवाग्राम अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मोनिका की मौसी ने बताया कि बच्ची के जन्म के बाद उसके परिवार के सदस्य काफी खुश थे, लेकिन उसकी ननद कांता खुश नहीं थी, क्योंकि उसे लगता था कि अब उसकी अपनी बेटी को परिवार के सदस्य उतना प्यार नहीं करेंगे। कांता ने आठ जुलाई को मोनिका पर तेल छिड़क कर आग लगा दी। उसके बाद मोनिका को कुछ याद नहीं रहा। पुलिस ने आरोपी कांता को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\